Azamgarh News:मजदूरी मांगने पर मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटा, अपमानित किया; एक आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
मजदूरी मांगने पर मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटा, अपमानित किया; एक आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना अंतर्गत महुला गांव में मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर को कथित तौर पर बंधक बनाकर पेड़ से बांधने और मारपीट कर अपमानित करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, महुला निवासी मिथिलेश गुप्ता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मजदूरी मांगने के विवाद में रवि उर्फ रितेश राय, संदीप राय और मंजू देवी उसे जबरन गौशाला ले गए। वहां उसे पेड़ से बांधकर मारपीट की गई और अपमानित करने के साथ ही उसकी सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में मु0अ0सं0 256/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 131 और 133 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रवि उर्फ रितेश राय (28) पुत्र स्व. श्रीप्रकाश राय, निवासी महुला को 7 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद संदीप राय और मंजू देवी की तलाश की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने चेतावनी दी कि किसी व्यक्ति को अपमानित करना, जबरन बंधक बनाना अथवा मारपीट कर कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी



