Azamgarh News:45 मिनट के अन्दर एक ही बस में दो बार चेकिंग के दौरान 17 यात्री बिना टिकट, जांच व्यवस्था पर उठे सवाल

45 मिनट के अन्दर एक ही बस में दो बार चेकिंग के दौरान 17 यात्री बिना टिकट, जांच व्यवस्था पर उठे सवाल
भाजपा नगर महामंत्री ने डीएम और आरएम को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की
आजमगढ़ रोडवेज के बलिया डिपो की बस संख्या UP78 LN 6113 में महज 45 मिनट के अंतराल में हुई दो अलग-अलग एमडी स्क्वाड की जांच में कुल 17 यात्री बिना टिकट मिलने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भाजपा आजमगढ़ नगर महामंत्री नीरज सिंह ने जिलाधिकारी और क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, 5 सितंबर को मऊ से बलिया जा रही उक्त बस की करीब 3:45 बजे प्रवेश सिंह ने जांच की। इस दौरान बस में 12 यात्री बिना टिकट पाए गए। इसके करीब 45 मिनट बाद, लगभग 4:30 बजे रामबृक्ष यादव की टीम ने दोबारा बस की जांच की, जिसमें पांच और यात्री बिना टिकट मिले।
एक ही बस में इतने कम अंतराल में दो जांचों के दौरान कुल 17 यात्रियों के बिना टिकट मिलने पर शिकायतकर्ता ने जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता और पूर्णता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
नीरज सिंह ने दोनों जांच रिपोर्टों के साथ वे-बिल, ईटीएम रिकॉर्ड, टिकट बिक्री विवरण और जीपीएस डेटा का मिलान कराने तथा दोनों जांचकर्ताओं के अधिकार एवं जांच के आदेश का सत्यापन कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच ऐसे अधिकारी से कराई जाए, जिसका संबंधित जांचकर्ताओं अथवा डिपो से कोई प्रत्यक्ष संबंध न हो।
शिकायतकर्ता ने अनियमितता प्रमाणित होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा भी मौजूद रहे।



