जबलपुर जिला पंचायत कार्यालय में महिला अधिकारी से मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात
Female officer assaulted in Jabalpur District Panchayat office, incident captured on CCTV
जबलपुर में जिला पंचायत कार्यालय में महिला अधिकारी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के खिलाफ चल रही जांच से नाराज पति ने कार्यालय में घुसकर परियोजना प्रबंधक अंजुला झा पर लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला कर दिया। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद जिला पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने बीच-बचाव कर महिला अधिकारी को आरोपी के हमले से बचाया।
बताया जा रहा है कि परियोजना प्रबंधक अंजुला झा, सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी से जुड़े एक मामले की जांच कर रही हैं। इसी जांच को लेकर आरती सोनी अपने पति योगेश सोनी के साथ जिला पंचायत कार्यालय पहुंचीं। आरोप है कि कार्यालय के अंदर पहुंचते ही योगेश सोनी ने अंजुला झा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला अधिकारी के साथ मारपीट की। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद कर्मचारी भी सकते में आ गए। इसके बाद कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला अधिकारी को बचाया और पुलिस को सूचना दी।
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी योगेश सोनी मौके से फरार हो गया। अब बेलबाग पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं इस पूरे मामले की दूसरी कड़ी भी बेहद गंभीर है आरोपी की पत्नी और सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी ने परियोजना प्रबंधक अंजुला झा पर पिछले करीब एक साल से प्रताड़ित करने और बेबुनियाद जांच करने के आरोप लगाए हैं।
आरती सोनी का दावा है कि लगातार मानसिक दबाव और परेशानियों के बीच उन्होंने दो-तीन दिन पहले नींद की गोलियां खा ली थीं। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरती 2017 से सिहोरा में सहायक विकासखंड प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। पिछले एक साल से जिला परियोजना प्रबंधक अंजुला झा के आने के बाद से उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि मीटिंगों में उन्हें चोर कहकर अपमानित किया जाता था और नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती थी।
पिछले एक साल में उनके खिलाफ लगातार शिकायतें कर जांच कराई जा रही हैं, जबकि उनके अनुसार शिकायतों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है और उनका अनुबंध भी नहीं किया जा रहा है। उनका ट्रांसफर जबलपुर ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद उनकी जगह पदस्थ हुए राकेश जाट पर भी आरोप लगाया कि वे महिलाओं को उनके खिलाफ शिकायत करने के लिए धमकाते हैं। आरती के मुताबिक, कई महिलाओं ने फोन कर उन्हें बताया कि उनके खिलाफ शिकायत नहीं करने पर एफआईआर की धमकी दी जा रही है।
आरती सोनी ने बताया कि वे आर्थिक परेशानी से गुजर रही हैं और बच्चों की फीस व घर का खर्च चलाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने जिला सीईओ को दो बार पत्र देकर वेतन जारी करने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बेटी के कॉलेज में दाखिले के लिए उन्हें अपनी अंगूठी तक बेचनी पड़ी और घर चलाने के लिए ईपीएफ की राशि भी निकालनी पड़ी। आरती ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई प्रमाण नहीं है और सवाल उठाया कि अंजुला झा के आने के बाद ही उनके खिलाफ लगातार शिकायतें और नोटिस क्यों शुरू हुए। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और उनका लंबित वेतन जारी किया जाए।
थाना प्रभारी बेलबाग जितेंद्र पाटकर ने बताया कि प्रार्थिया अंजुला झा, जो जिला पंचायत कार्यालय में परियोजना प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं उनके द्वारा शिकायत की है कि सहायक विकासखंड प्रबंधक के पद पर पदस्थ आरती सोनी के पति योगेश सोनी कार्यालय में आए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा डाली। चूंकि आरती सोनी के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है, इसी जांच को आधार बनाकर उनके पति द्वारा यह घटना की गई है। पूर्व में भी यदि इस संबंध में कोई तथ्य सामने आते हैं तो उनके संबंध में भी कार्यवाही की जाएगी।
वही पूरे मामले में बेलबाग थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट से जुड़ी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद कर्मचारियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस घटना ने जिला पंचायत कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर एक बाहरी व्यक्ति कार्यालय के अंदर पहुंचकर महिला अधिकारी के साथ मारपीट कैसे कर गया। फिलहाल पुलिस आरोपी योगेश सोनी की तलाश में जुटी है, जबकि महिला अधिकारी के साथ हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी सुर्खियों में है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट


