आजमगढ़ में पांच पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
नई तैनाती के साथ अधिकारियों को सौंपी गईं विभागीय जिम्मेदारियां

आजमगढ़ में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पांच पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस कदम से थाना क्षेत्रों, शाखाओं और विभागीय कार्यों की निगरानी और बेहतर होने की उम्मीद है।
आजमगढ़। पुलिस विभाग में पांच पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग की ओर से अधिकारियों के कार्यक्षेत्र और पर्यवेक्षण से संबंधित दायित्व निर्धारित किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत अधिकारियों को थाना क्षेत्रों के साथ विभिन्न शाखाओं और विभागीय कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
ईश्वर लाल गुर्जर को सीओ सदर
सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर को सीओ सदर का दायित्व सौंपा गया है। उनके पर्यवेक्षण में मुबारकपुर, जहानागंज, गंभीरपुर और निजामाबाद थाना क्षेत्र रहेंगे। इसके अलावा पुलिस लाइंस, चुनाव प्रकोष्ठ, एलआईयू, पासपोर्ट सेल तथा गैंगस्टर, धारा 14(1) और गैंग पंजीकरण से संबंधित कार्यों की निगरानी भी उनके जिम्मे रहेगी।
आस्था जायसवाल को लालगंज की जिम्मेदारी
पुलिस उपाधीक्षक आस्था जायसवाल को लालगंज क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पर्यवेक्षण में देवगांव, बरदह, मेहनगर, मेहनाजपुर और तरवां थाना क्षेत्र रहेंगे। महिला संबंधी अपराधों के निस्तारण, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, वूमेन पावर लाइन, परिवार परामर्श केंद्र तथा छात्र पुलिस कैडेट (एसपीसी) योजना से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।
भूपेश कुमार पांडेय को फूलपुर क्षेत्र
पुलिस उपाधीक्षक भूपेश कुमार पांडेय को फूलपुर क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है। उनके पर्यवेक्षण में फूलपुर, सरायमीर, दीदारगंज और पवई थाना क्षेत्र रहेंगे। भूमि विवादों की समीक्षा एवं त्वरित निस्तारण तथा एंटी भू-माफिया कार्रवाई की निगरानी भी उनके जिम्मे रहेगी।
किरनपाल सिंह को सीओ नगर की जिम्मेदारी
पुलिस उपाधीक्षक किरनपाल सिंह को सीओ नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें यातायात, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, पत्र व्यवहार, भवन एवं कल्याण संबंधी कार्य, हेल्थ कार्ड, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, लोक शिकायत, आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन, शिकायत प्रकोष्ठ, सिटिजन चार्टर और कम्युनिटी पुलिसिंग समेत विभिन्न विभागीय कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
अजय प्रताप सिंह को भी नई जिम्मेदारी
पुलिस उपाधीक्षक अजय प्रताप सिंह को भी विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। उनके जिम्मे शहीद पुलिसकर्मियों के पात्र आश्रितों को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण एवं भर्ती, समाधान-तहसील दिवस और आंतरिक जांच प्रकोष्ठ से संबंधित कार्यों का पर्यवेक्षण रहेगा।पांचों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद पुलिस विभाग में कार्यों का पर्यवेक्षण और दायित्वों का विभाजन नए सिरे से किया गया है।



