Azamgarh News;अचानक भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दब गई युवती

अचानक भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दब गई युवती

करीब 10 मिनट तक मलबे में दबी रही अंतिमा, तीन लोग घायल; रिंटू का पूरा मकान गिरा, रहने का ठिकाना नहीं बचा

शाहपुर। विकासखंड अहरौला क्षेत्र के फुलवरिया गांव में बुधवार दोपहर अचानक एक मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे 20 वर्षीय अंतिमा पुत्री स्व. मिश्री विश्वकर्मा दब गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 10 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला। हादसे में अंतिमा समेत करीब तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।

फुलवरिया गांव निवासी मोनू विश्वकर्मा पुत्र महगू विश्वकर्मा ने बताया कि यह मकान उनका और उनके चाचा का सामूहिक घर था। बुधवार दोपहर अचानक मकान गिरने लगा। देखते ही देखते मकान का मलबा चारों तरफ फैल गया और इसी दौरान स्व. मिश्री विश्वकर्मा की पुत्री अंतिमा मलबे में दब गई।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद अंतिमा को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अहरौला सीएचसी भेजा गया। हादसे में करीब तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे में रिंटू पुत्र स्व. मिश्री विश्वकर्मा का पूरा मकान भरभराकर गिर गया। मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है। परिवार के पास फिलहाल रहने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचा है।
घटना की जानकारी मिलने पर फूलपुर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिवार को शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

तत्काल राहत के तौर पर तहसीलदार ने मौके पर ही परिवार के रहने के लिए त्रिपाल की व्यवस्था कराई। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के अधिकारियों से बात कर जल्द ही परिवार के रहने की स्थायी व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा। परिवार को भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कोटेदार को भी निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button