आजमगढ़:गांधी जयंती पर मुबारकपुर तिराहे पर नहीं फहराया गया तिरंगा, भाजपाइयों में नाराजगी
Azamgarh: The tricolor was not hoisted at Mubarakpur intersection on Gandhi Jayanti, angering BJP members.
आजमगढ़। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर जहां पूरे देश और विश्व में महात्मा गांधी को याद किया जा रहा है और तिरंगा फहराया जा रहा है, वही जिले के नगरपालिका अंतर्गत मुबारकपुर तिराहे पर तिरंगा झंडा न फहराए जाने का मामला सामने आया है। तिराहे पर स्थित मुख्य झंडा पोल पूरी तरह से खाली नजर आया, जिसे लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में गहरा असंतोष है। इस मामले पर भाजपा के मुबारकपुर नगर अध्यक्ष बृजेश चौरसिया ने नगरपालिका प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांधी जयंती जैसे राष्ट्रीय पर्व पर झंडा न फहराया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अमूमन इस स्थान पर नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है, लेकिन 2 अक्टूबर के विशेष अवसर पर ही इसे खाली छोड़ देना प्रशासन की बड़ी नाकामी और लापरवाही को दर्शाता है। वहीं भाजपा युवा मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी अनिल कुमार यादव ने भी इस घटना को निराशाजनक बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार का गैर-जिम्मेदाराना रवैया बर्दाश्त के बाहर है। भाजपा नेताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि नगरपालिका प्रशासन की इस लापरवाही और नाकामी को लेकर वे अगले दिन जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे तथा लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।



