आजमगढ़:गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर रोटरी क्लब ने किया माल्यार्पण, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण के साथ बांटी खुशियां
Azamgarh: Rotary Club celebrated Gandhi Jayanti and Shastri Jayanti with garlands, cleanliness drives and tree plantation.
आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रोटरी क्लब द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल एवं सचिव रवि शंकर प्रजापति के नेतृत्व में डीएवी इंटर कॉलेज के समीप स्थित गांधी तिराहा पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान जय हिंद, जय भारत और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में जिले के कई प्रबुद्ध जन भारी संख्या में उपस्थित रहे। क्लब अध्यक्ष, सचिव, रोटेरियन अतुल अग्रवाल और पूर्वांचल विकास आंदोलन के संयोजक व रोटरी क्लब के मानद सदस्य प्रवीण सिंह ने महात्मा गांधी के सेवा, समर्पण, त्याग तथा स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के संदेश पर प्रकाश डाला। पुष्पांजलि के पश्चात रोटरी क्लब के सदस्यों ने डीएवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कॉलेज परिसर में नीम और आम के पौधों का रोपण भी किया गया। इसी के साथ ही वर्ल्ड स्माइल डे के उपलक्ष्य में क्लब द्वारा एक अनूठी पहल की गई। किसी एक के चेहरे पर खुशी लाने के संकल्प के साथ वहां मौजूद मजदूरों और कॉलेज कर्मचारियों को उनकी जरूरत की दैनिक सामग्रियां (जैसे दालचीनी, लौंग, तेजपत्ता एवं अन्य मसाले) भेंट की गईं। इसके बाद पुनः गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचकर माल्यार्पण किया गया।कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य रोटेरियन अतुल कुमार अग्रवाल, आनंद बरनवाल, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष मंजू अग्रवाल तथा पूर्व अध्यक्ष रुचि अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन की पूरी जानकारी रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन चंदन अग्रवाल ने दी।



