Azamgarh News:छह माह से समस्या से जूझ रहे हारीपुर के ग्रामीण, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
सड़क पर बह रहा नाली और लैट्रिन-बाथरूम का गंदा पानी, संचारी रोगों को दे रहा न्योता
छह माह से समस्या से जूझ रहे हारीपुर के ग्रामीण, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज नगर पालिका क्षेत्र के थाना बिलरियागंज अंतर्गत हारीपुर गांव में सड़क पर खुलेआम बह रहा नाली और लैट्रिन-बाथरूम का गंदा व बदबूदार पानी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। करीब छह माह से चली आ रही इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सबसे गंभीर बात यह है कि एक ओर शासन-प्रशासन द्वारा संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर हारीपुर में सड़क पर जमा गंदा पानी बीमारियों को खुला न्योता देता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार थाना बिलरियागंज, एसडीएम सगड़ी, जिलाधिकारी तथा मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गंदे पानी की दुर्गंध, फिसलन और लगातार सड़क पर बहते पानी के कारण ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
यह मार्ग गांव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से देवा बिंदवल, तोहफापुर, हरखपुर, अवंती पहलवानपुर और लोहसरवा सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गंदा पानी जमा होने से आए दिन लोग फिसलकर गिरते हैं और चोटिल होते हैं।
गांव के दिव्यांग ओंकार राय भी कई बार इसी गंदे पानी में फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों के लिए यह स्थिति केवल असुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में लगातार बनी रहने वाली परेशानी और चिंता का कारण बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बहता गंदा पानी मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ा रहा है। ऐसे समय में जब संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, गांव में जलनिकासी की यह बदहाल व्यवस्था जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
इस संबंध में गांव के सभासद से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। अब ग्रामीणों की निगाहें एसडीएम सगड़ी और थाना बिलरियागंज प्रशासन की ओर टिकी हैं कि आखिर कब इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होने से उनका धैर्य जवाब देने लगा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और संचारी रोगों के संभावित खतरे को रोका जा सके।
इस मौके पर सत्य प्रकाश राय, जगदीश राय, विनय राय, संजय राय, अनिरुद्ध राय, शुभम राय, अखिलेश राय, ओंकार राय, आदित्य रावत, फूलचंद रावत, अमन राय, फेस्टू राय, आशीष राय सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।



