अपराधियों पर कड़ा प्रहार:आजमगढ़ पुलिस ने इंटरनेशनल कॉलिंग रैकेट से जुड़े दो आरोपियों को पकड़ा
Azamgarh police arrested two accused involved in international calling racket
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राष्ट्रीय कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना सरायमीर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4690 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में थाना सरायमीर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उनके द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, साइबर अपराध और अन्य आपराधिक मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को सक्रिय रखा गया है। इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई पुलिस की एक महत्वपूर्ण कामयाबी मानी जा रही है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 02 अक्टूबर 2026 को थाना सरायमीर पुलिस और साइबर सेल आजमगढ़ की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थी।इसी दौरान संजरपुर बाजार से करीब 200 मीटर आगे पोखरे के पास पुलिस टीम को दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली तो उनके पास से 16 मोबाइल फोन, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4690 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कॉलिंग का तरीका
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने साथी जीशान पुत्र मोबीन निवासी महाजनी टोला, थाना सरायमीर के साथ मिलकर International Premium Rate Numbers (IPRN) पर इंटरनेट कॉलिंग यानी VoIP के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय कॉल करने या करवाने की बात बताई।पुलिस का कहना है कि इन कॉलों को विभिन्न टोल-फ्री नंबरों से कनेक्ट कर अधिक समय तक सक्रिय रखा जाता था। इससे प्रति मिनट के आधार पर राजस्व उत्पन्न होता था और आरोपियों को उसमें से कमीशन मिलने की बात सामने आई है। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से प्रीमियम नंबर तथा कॉल रूट उपलब्ध कराए जाते थे।पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच में BESTIPRN.COM और ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन आईडी/पासवर्ड के माध्यम से कॉल रूटिंग और कॉल बाईपास किए जाने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में इस काम से प्राप्त धनराशि को आपस में बांटने तथा कई बार USDT/क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से लेन-देन किए जाने की बात भी सामने आई है।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
1. मो. ताबिश पुत्र जोरार अहमद, निवासी खुदादादपुर, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 41 वर्ष।
2. सलीम अहमद पुत्र जावेद अख्तर, निवासी खरेवां, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 28 वर्ष।
के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को करीब 00:30 बजे हिरासत में लेते हुए बरामद सामान को कब्जे में लेकर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 247/2026, धारा 318(4)/319/111/317(2) बीएनएस एवं 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये सामान हुआ बरामद
– 16 मोबाइल फोन
– 01 डेल कंपनी का लैपटॉप
– 03 खुले सिम कार्ड
– 4690 रुपये नकद
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह, उपनिरीक्षक रविप्रकाश गौतम प्रभारी साइबर सेल आजमगढ़, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश जायसवाल, कांस्टेबल आलोक सिंह और कांस्टेबल राहुल गौड़ शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से थाना सरायमीर क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित संलिप्त लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



