आजमगढ़:छात्राओं ने रंगोलियों से दिया महिला सशक्तीकरण का संदेश, मिशन शक्ति और नारी सुरक्षा को बनाया विषय
Azamgarh: Girl students gave the message of women empowerment through rangoli, made Mission Shakti and women safety the topic.
गंभीरपुर /आजमगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसरेड़ी, शिक्षा क्षेत्र ठेकमा में छात्राओं ने रंगोलियों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, नारी सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन अनुदेशक मनीष गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता विषयों पर आकर्षक रंगोलियां सजाईं। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रंगों के जरिए जीवंत रूप दिया।
रंगोलियों के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं को विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए सुरक्षा, सहायता और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मकता और उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिवार ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में कला एवं रचनात्मकता का विकास होने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी मजबूत होती है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का अवसर प्रदान किया।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक दिनेश यादव, अश्वनी तिवारी, रामानंद प्रजापति एवं मनीष गुप्ता मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने छात्राओं के प्रयासों और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।



