Azamgarh News:वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ सपा का पैदल मार्च* 

*वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ सपा का पैदल मार्च*

*ठेकमा बाजार में विधायक बेचई सरोज के नेतृत्व में निकला मार्च, चुनाव आयोग को लेकर जताया विरोध*

ठेकमा, आजमगढ़। चुनाव आयोग को लेकर विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के क्रम में बुधवार को लालगंज विधानसभा क्षेत्र के ठेकमा बाजार में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। मार्च का नेतृत्व लालगंज विधायक बेचई सरोज ने किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता हाथों में “संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ” लिखे बैनर लेकर बाजार में पैदल मार्च करते नजर आए।

पैदल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़”, “ज्ञानेश कुमार हटाओ”, “लोकतंत्र बचाओ”, “संविधान बचाओ” और “भाजपा हटाओ, देश बचाओ” जैसे नारे लगाए। नारों से पूरा ठेकमा बाजार गूंज उठा।

इस अवसर पर विधायक बेचई सरोज ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के स्तर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। विधायक ने कहा कि “13 करोड़ वोटरों के नाम काटे जाने का मामला लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा होना जरूरी है।”

विधायक ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर पूरे प्रदेश में अपना विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि “जब तक चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार अपने पद से नहीं हटेंगे, तब तक समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार के सवाल को लेकर इसी तरह धरना-प्रदर्शन करती रहेगी।”

पैदल मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष लालगंज राज नारायण यादव, ठाकुर सरोज, ब्रह्मदेव उर्फ बीडी कुमार, ललन यादव, मनोज सरोज, दया यादव, गुलाब राजभर समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button