Azamgarh News:समाजसेवा की मिसाल बने अभिषेक सिंह राठौड़, अपने भट्ठे से ईंट मंगवाकर सड़क के गड्ढों को कराया भराव

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

समाजसेवा की मिसाल बने अभिषेक सिंह राठौड़, अपने भट्ठे से ईंट मंगवाकर सड़क के गड्ढों को कराया भराव

जनता की परेशानी दूर करने के लिए खुद पहुंचे मौके पर, क्षेत्रीय लोगों ने की सराहना

आजमगढ़ नगर पालिका परिषद बिलरियागंज क्षेत्र में बिलरियागंज-जीयनपुर मार्ग पर विद्युत कॉलोनी के बगल से नसीरपुर होते हुए चीही बाजार को जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से साइकिल सवारों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग गड्ढों के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की परेशानी भी लगातार बढ़ रही है।

बताया जाता है कि कुछ वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन उचित रखरखाव के अभाव में सड़क धीरे-धीरे जर्जर हो गई और जगह-जगह गड्ढे बन गए। समय रहते मरम्मत कराई गई होती तो सड़क की यह दुर्दशा नहीं होती और लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।

इसी बीच नगर पालिका परिषद बिलरियागंज क्षेत्र के पिपराहा गांव निवासी ग्राम प्रधान अभिषेक सिंह राठौड़ ने लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसे दूर करने का भरोसा दिया। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को वह मौके पर पहुंचे और अपने ईंट-भट्ठे से ईंटें मंगवाकर सड़क के गड्ढों को भरवाया, जिससे लोगों को आवागमन में कुछ राहत मिली।

अभिषेक सिंह के इस प्रयास की क्षेत्रीय जनता ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि समाज में ऐसे जनसेवकों की जरूरत है, जो केवल आश्वासन देने के बजाय समस्याओं के समाधान के लिए खुद आगे आएं। ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक सिंह राठौड़ ने अपने कार्य से यह संदेश दिया है कि जनसेवा के लिए इच्छाशक्ति और जिम्मेदारी का भाव सबसे महत्वपूर्ण है।

कुछ स्थानीय लोगों ने तो यहां तक कहा कि यदि अभिषेक सिंह भविष्य में किसी पद के लिए चुनाव लड़ते हैं, तो वे तन-मन-धन से उनका सहयोग करेंगे। फिलहाल, सड़क के गड्ढों को भरवाने का उनका यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, सड़क की स्थायी मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए संबंधित विभाग को भी ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि लोगों को लंबे समय तक सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button