आजमगढ़:मुकुट पूजन के साथ गोंठा की ऐतिहासिक रामलीला का हुआ शुभारंभ
राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी के चांदी के मुकुट का हुआ पूजन
ब्यूरो प्रमुख मऊ, अशोक श्रीवास्तव
MauNews:घोसी।दोहरीघाट। घोसी तहसील क्षेत्र के गोंठा गांव की लगभग पांच सौ वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान के साथ मुकुट पूजन से हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और भक्त हनुमान जी के चांदी के नए मुकुट का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष से परिसर को गुंजायमान कर दिया।
मुकुट पूजन कार्यक्रम में यजमान के रूप में राहुल मद्धेशिया उर्फ बिलाऊ और उनकी पत्नी सुधा मद्धेशिया ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। वैदिक ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। भगवान के मुकुटों के पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, शांति और क्षेत्र के कल्याण की कामना की। वहीं, महिलाओं ने पारंपरिक भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
गोंठा की रामलीला अपनी प्राचीन परंपरा, धार्मिक आस्था और विशिष्ट मंचन शैली के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। लगभग पांच शताब्दियों से लगातार आयोजित हो रही इस रामलीला से क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। प्रत्येक वर्ष रामलीला के आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग रामलीला का मंचन देखने पहुंचते हैं।
रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय उपाध्याय ने बताया कि गोंठा की रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। कई पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को आज भी ग्रामीण पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। मुकुट पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ होने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
पूजन कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए रामलीला के सफल आयोजन की कामना की। मुकुट पूजन के साथ ही गोंठा गांव में रामलीला की धार्मिक गतिविधियों का विधिवत आगाज हो गया।इस अवसर पर आचार्य संजय उपाध्याय, रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय उपाध्याय, उमाशंकर उपाध्याय,वीरेंद्र उपाध्याय, अवनीश राय, सिंटू गुप्ता, आयुष, पवन उपाध्याय, प्रिंस, रेखा, बबीता, सीमा, खुशबू, हेमलता, बेचनी, रामवती, सुनीता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।



