Azamgarh News:भोला यादव की पहल से सगड़ी क्षेत्र के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, गांव में पहुंची हार्वेस्टर मशीन
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भोला यादव की पहल से सगड़ी क्षेत्र के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, गांव में पहुंची हार्वेस्टर मशीन
गेहूं, धान और सरसों की कटाई के लिए अब दूसरे क्षेत्रों से मशीन मंगाने की मजबूरी होगी कम, किसानों में खुशी की लहर
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत कंजरा दिलशादपुर गांव में किसान भोला यादव की मेहनत और लगन से क्षेत्र के किसानों को खेती-किसानी के कार्य में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। भोला यादव ने अपने कठिन परिश्रम से हार्वेस्टर मशीन खरीदी है। इससे अब कंजरा दिलशादपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों को गेहूं, धान और सरसों की कटाई के लिए दूसरे क्षेत्रों से हार्वेस्टर मशीन मंगाने पर निर्भरता कम होगी। इस पहल से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है।
हार्वेस्टर मशीन गांव में भोला यादव के दरवाजे पर पहुंचने के बाद उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विधि-विधान से ब्राह्मण द्वारा पूजा-पाठ कराया गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इस पहल को क्षेत्र के किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए भोला यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद और मिठाइयां भी वितरित की गईं।
ग्रामीणों का मानना है कि खेती के आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से किसानों को समय पर फसलों की कटाई कराने में मदद मिलेगी। विशेषकर फसल पकने के समय हार्वेस्टर की उपलब्धता किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में गांव में ही हार्वेस्टर मशीन उपलब्ध होने से आसपास के किसानों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, कटाई के लिए मशीन की तलाश में होने वाली भागदौड़ भी कम हो सकती है।
भोला यादव की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में कृषि संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। गांव में मशीन पहुंचने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर रिंकू सिंह, हेमंत सिंह उर्फ बबलू सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, भाजपा अजमतगढ़ मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव, सोनू यादव, मोनू यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे। सभी ने भोला यादव को नई हार्वेस्टर मशीन खरीदने पर बधाई देते हुए उनके प्रयास की सराहना की।



