Azamgarh news :आजमगढ़ में मतदाता पंजीकरण के लिए सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित हुआ विशेष कैम्प
आजमगढ़ में मतदाता पंजीकरण के लिए सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित हुआ विशेष कैम्प

मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों व प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवा अपना नाम सम्मिलित कराने हेतु पहुंचे संबंधित बूथों पर
कैम्प में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहे बीएलओ, मतदाता पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराए गए फार्म-6
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के लिए जनपद आजमगढ़ के सभी मतदेय स्थलों पर शनिवार को विशेष कैम्प आयोजित किया गया। इसी क्रम में आगामी 24 अक्टूबर (शनिवार), 2026 को भी विशेष कैम्प आयोजित किया जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि शनिवार को विशेष कैम्प दिवस पर जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक उपस्थित रहे। कैम्प में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 की उपलब्धता रही। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों ने फॉर्म 6 भरकर नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं पते से सम्बन्धित दस्तावेज जमा किया। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित किया गया, जहां नागरिकों को फार्म-6 भरने एवं मतदाता पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया में सहायता प्रदान की गई। प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया गया, जिससे आवश्यकता पड़ने पर पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण अधिकारियों को अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें।
आयोजित विशेष कैम्प के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों के एजेन्टों ने भी सक्रीय योगदान दिया। विशेष कैम्प के प्रभावी निगरानी के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में सतत निगरानी सुनिश्चित कराते हुए प्रत्येक बूथ पर कैम्प का सफल आयोजन कराया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आज विशेष कैम्प से वंचित/छूटे जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील किया कि वे आगामी 24 अक्टूबर, 2026 को अपने मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। लोकतंत्र में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।



