Azamgarh News:अभियोजन विभाग ने मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं को किया जागरूक
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
अभियोजन विभाग ने मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं को किया जागरूक
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत छपरा सुल्तानपुर स्थित पीएनसी मेमोरियल स्कूल के परिसर में शनिवार को मिशन शक्ति फेज-6 के तहत अभियोजन विभाग एवं जीयनपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, महिला सशक्तिकरण और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियोजन विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर निदेशक अभियोजन, आजमगढ़ सुभाष ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में अभियोजन अधिकारी नवनीत कुमार त्रिपाठी, सहायक अभियोजन अधिकारी कृष्ण मुरारी राय, सहायक अभियोजन अधिकारी संतोष यादव तथा वरिष्ठ पत्रकार रिंकू सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अभियोजन विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं और महिला अध्यापकों को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित अधिकारियों से सहायता लेनी चाहिए।
वहीं, साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले खतरों के प्रति सतर्क किया गया। अधिकारियों ने समझाया कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को देनी चाहिए।
जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह तथा चौकी इंचार्ज इमलिया अमित तिवारी के नेतृत्व में एसआई लक्ष्मी शुक्ला तथा महिला आरक्षी अर्चना कुशवाहा, संजना राय, अंजली यादव और शिवानी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। टीम ने बताया कि किसी आपात स्थिति में किस प्रकार पुलिस की सहायता ली जा सकती है और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर मदद कैसे प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में सुरक्षा से जुड़े छह प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करने और किसी भी अनुचित व्यवहार की सूचना जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में दी गई जानकारी को उपयोगी बताया और मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रबंधक आरएन सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों को माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक आरएन सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के लिए बच्चों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक विद्यालय में आयोजित होने चाहिए, ताकि छात्र-छात्राएं अपने अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और कानूनी सहायता की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने इस जागरूकता अभियान के लिए अभियोजन विभाग एवं जीयनपुर कोतवाली पुलिस तथा चौकी इंचार्ज इमलिया अमित तिवारी की संयुक्त टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना, उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी देना तथा साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जागरूक और सक्षम बनाना रहा।



