जबलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:आजाद नगर गोकलपुर में भंडारे के दौरान हुए विवाद में मारपीट से घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु, हत्या के प्रकरण में 6 आरोपी गिरफ्तार एवं एक विधि विवादित बालक अभिरक्षा में
लाठी-डंडों एवं चाकू से किया गया था हमला, घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे एवं चाकू जप्त
जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर, गोकलपुर में दो दिन पूर्व देवी मंदिर में आयोजित भंडारे के दौरान हुए विवाद में मारपीट की घटना के मामले में थाना रांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा एक विधि विवादित बालक को अभिरक्षा में लिया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक पारस यादव की उपचार के दौरान दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा कर विवेचना में लिया गया है।
**घटना का विवरण*
दिनांक 25 अक्टूबर 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे आजाद नगर, गोकलपुर स्थित देवी मंदिर में भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान समीर वंशकार का पुत्र यश वंशकार अपने एक अन्य साथी के साथ वहां से निकल रहा था। इस बात पर कि वे इतनी तेज गति से क्यों निकल रहे हैं, कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर समीर वंशकार अपने परिवार के अन्य सदस्यों एवं साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों एवं चाकू से हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल पारस यादव के सिर में लाठी से गंभीर चोट आने के कारण पहले आशीष हॉस्पिटल तथा बाद में मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट फरियादी रवि शंकर गोटिया द्वारा थाना रांझी में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश एवं पतासाजी की गई। विवेचना के दौरान घटना में समीर वंशकार एवं उसके अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आने पर आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे एवं एक चाइना चाकू जप्त किया गया। थाना रांझी मे घटना से सम्बंधित अप क्र 855/26 धारा 296(b), 119(1),351,125(a)3(5)BNS प्रकरण में हत्या व हत्या के प्रयास संबंधी धारा 103(1), 109(1) बीएनएस का इजाफा कर निम्नलिखित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा एक विधि विवादित बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. समीर वंशकार, पिता धांधू वंशकार, उम्र 30 वर्ष, निवासी आजाद नगर, गंदी बस्ती, गोकलपुर, थाना रांझी।
कब्जे से एक डंडा एवं एक चाइना चाकू जप्त।
2. अभिषेक उर्फ बबला वंशकार, पिता सुंदर वंशकार, उम्र 22 वर्ष, निवासी शुक्ला होटल के पास, लालमाटी, थाना घमापुर।
कब्जे से एक डंडा जप्त।
3. रोहित वंशकार, पिता राकेश वंशकार, उम्र 24 वर्ष, निवासी आजाद नगर, गंदी बस्ती, गोकलपुर, थाना रांझी।
कब्जे से एक डंडा जप्त।
4. आकाश वंशकार, पिता स्वर्गीय निरंजन वंशकार, उम्र 32 वर्ष, निवासी शीतलामाई, थाना घमापुर।
कब्जे से एक डंडा जप्त।
5. शालिनी वंशकार, पति समीर वंशकार, उम्र 28 वर्ष, निवासी आजाद नगर, गंदी बस्ती, गोकलपुर, थाना रांझी।
6. धांधू वंशकार, पिता वानीलाल, उम्र 60 वर्ष, निवासी आजाद नगर, गंदी बस्ती, गोकलपुर, थाना रांझी।
कब्जे से एक डंडा जप्त।
विधि विवादित बालक अभिरक्षा में
7. विधि विवादित बालक उम्र 16 वर्ष, निवासी रविंद्र भारती स्कूल के पास, लालमाटी, थाना घमापुर।
कब्जे से एक डंडा एवं जप्त।
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा विधि विवादित बालक को किशोर न्याय प्रक्रिया के अनुसार सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
थाना रांझी पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण की विवेचना जारी है।
बाइट उमेश गोलानी थाना प्रभारी
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



