Azamgarh News:बिजरवा सर्विस लेन पर संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, भूमि विवाद में हत्या का आरोप

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

35 वर्षीय मुकेश यादव की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मामला, सभी पहलुओं पर जांच जारी

आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना अंतर्गत बिजरवा गांव स्थित आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग की सर्विस लेन पर तीन अक्टूबर की रात करीब 10 बजे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश यादव (35) पुत्र चंद्रभान यादव निवासी बिजरवा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे।

मृतक के परिजनों ने भूमि विवाद को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृतक के भाई अरविंद यादव के अनुसार, गांव के कुछ लोगों से परिवार का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद के निस्तारण के लिए मुकेश ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी।

परिजनों के मुताबिक, घटना की रात मुकेश अपने भाई अरविंद और शैलेश के साथ बिजरवा स्थित पुराने मकान पर बैठे बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद वह बाइक से नए मकान की ओर निकले। आरोप है कि बिजरवा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। शोर सुनकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। राहगीरों से जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मुकेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, पुलिस के अनुसार मुकेश यादव बिजरवा सर्विस लेन पर संदिग्ध परिस्थितियों में सिर में चोट लगने के कारण मृत पाए गए। प्रथम दृष्टया घटना सड़क दुर्घटना की प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर छानबीन में जुटी है।

मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिचंद चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button