Azamgarh news:पुलिस का बड़ा खुलासा: दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले 4 शातिर दबोचे, 24 घंटे में खुलासा करते हुए, शत-प्रतिशत माल बरामद

उपनिरीक्षक संजय सिंह की टीम ने सेल्हरापट्टी अंडरपास से अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

अतरौलिया (आजमगढ़)।स्थानीय थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रोडवेज के समीप स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान का शटर काटकर हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया।ग्राम मडोही निवासी पीड़ित अमित कुमार पुत्र स्व. लालबहादुर ने 5 नवंबर को तहरीर देकर बताया था कि 4 नवंबर की रात अतरौलिया रोडवेज के पास स्थित उनकी ‘एस.के.एफ. फैशन गारमेंट्स’ की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी व भारी मात्रा में रेडीमेड कपड़े पार कर दिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी।

उपनिरीक्षक संजय सिंह व उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सेल्हरापट्टी अंडरपास के पास घेराबंदी की और सुबह करीब 7:35 बजे चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से छह प्लास्टिक की बोरियों में भरा माल बरामद हुआ, जिसमें 171 जींस पैंट, 139 शर्ट, 97 टी-शर्ट, 30 टॉप, 6 स्वेटर और 16 हैंगर शामिल हैं। वादी द्वारा सामान की पहचान करने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों अभियुक्तों की पहचान रोशन (22 वर्ष), निवासी कस्बा अतरौलिया, थाना अतरौलिया, आजमगढ़ (आरोपी के विरुद्ध पूर्व में आबकारी व मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं)।अनुराग (19 वर्ष), निवासी महादेवपुर, थाना अतरौलिया, आजमगढ़।

अंकित (19 वर्ष), निवासी कौरीपुरा डीभियाऊ, थाना जलालपुर, जनपद अम्बेडकरनगर। सचिन (21 वर्ष), निवासी करीमनगर, थाना कटका, जनपद अम्बेडकरनगर।पुलिस ने चारों अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।खुलासा व गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल सौरभ राय, अमन तिवारी, सोनू यादव और सुरेंद्र कुमार यादव शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button