आजमगढ़:नशे के सौदागरों और अवैध हथियार कारोबारियों पर आजमगढ़ पुलिस का शिकंजा, ऑपरेशन त्रिशूल से मजबूत होगा सामुदायिक सूचना तंत्र
Azamgarh: Azamgarh police tighten their grip on drug dealers and illegal arms dealers; Operation Trishul will strengthen the community information system.
आजमगढ़, 06 नवंबर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ‘ऑपरेशन त्रिशूल-सामुदायिक आसूचना तंत्र’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत पुलिस ने आमजन को अपराध के खिलाफ सीधे जोड़ने के उद्देश्य से ‘नजर आपकी-कार्रवाई हमारी’ का संदेश दिया है।इस अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर की सक्रिय भूमिका सराहनीय मानी जा रही है। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ समाज को नशे और अवैध हथियारों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए सामुदायिक सूचना तंत्र विकसित करने की यह पहल पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।ऑपरेशन त्रिशूल के तहत अब आम नागरिक ड्रग पैडलरों, नशीले पदार्थों की बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध भंडारण, अवैध असलहों के निर्माण और बिक्री तथा अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।इसके लिए आजमगढ़ पुलिस ने विशेष मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर 91518 28820 जारी किया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति फोटो, वीडियो, लोकेशन, व्हाट्सएप संदेश अथवा फोन कॉल के माध्यम से सूचना दे सकता है। पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं की विशेष टीम के माध्यम से जांच कर नियमानुसार प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अभियान की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत पहचान संबंधी विवरण पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। इससे आम नागरिक बिना किसी भय के अपराध और अपराधियों के संबंध में पुलिस को जानकारी दे सकेंगे। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर की सक्रियता और अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता के क्रम में इस प्रकार की पहल जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूती प्रदान करती है। पुलिस का मानना है कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से ही नहीं, बल्कि आमजन के सहयोग से भी संभव है।आजमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली नशे के अवैध कारोबार और अवैध हथियारों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें तथा जनपद को नशामुक्त, अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
ऑपरेशन त्रिशूल – नजर आपकी, कार्रवाई हमारी।
आजमगढ़ पुलिस-सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा।



