आजमगढ़:पुलिस ने बरामद किए 63.25 लाख रुपये के गुमशुदा मोबाइल, असली मालिकों को सौंपे
Azamgarh: Police recovered missing mobile phones worth Rs 63.25 lakh and handed them over to their original owners.
आजमगढ़, 06 नवंबर। जनपद में गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर आजमगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को करीब 63 लाख 25 हजार रुपये कीमत के बरामद एंड्रॉयड मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए सीसीटीएनएस प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,651 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 62 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं फरवरी 2024 से अब तक आजमगढ़ पुलिस कुल 6,288 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप चुकी है। इन सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है।आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या खोने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल फोन को ट्रैक कर उसकी बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



