आजमगढ़:अपराधियों पर शिकंजा कसने में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह की सक्रियता सराहनीय, गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार
मेहनाजपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप, बारात में युवक की मौत के मामले से जुड़े गिरोह के खिलाफ भी कसा शिकंजा
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मेहनाजपुर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई करती नजर आ रही है। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है। कार्यभार संभालने के बाद से ही अखिलेश कुमार सिंह अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मेहनाजपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस की कार्रवाई को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शनि चौहान पुत्र तेजू चौहान, निवासी ग्राम डण्डवल, थाना मेहनाजपुर का रहने वाला है। 7 जुलाई 2026 को ग्राम डण्डवल में बारात के दौरान हुई मारपीट की घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई थी। इस मामले में थाना मेहनाजपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अजीत यादव उर्फ भन्टा सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने तथा लोक व्यवस्था प्रभावित करने से संबंधित तथ्यों के आधार पर जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा गैंग चार्ट अनुमोदित किया गया। इसके बाद 5 नवंबर 2026 को थाना मेहनाजपुर में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 नवंबर को गैंगस्टर एक्ट में वांछित शनि चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह की सक्रिय कार्यशैली और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है। लगातार की जा रही कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।



