Azamgarh News:यातायात माह में पुलिस की पहल: ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों को पढ़ाया सुरक्षा का पाठ, नियमों के पालन की दिलाई शपथ

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 7 नवंबर को शहर के नरौली तिराहे पर यातायात पुलिस एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) की संयुक्त टीम ने ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव तथा यातायात निरीक्षक ने वाहन चालकों को निर्धारित रूट और स्टैंड का पालन करने, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की हिदायत दी।

अधिकारियों ने चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, परमिट और बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई।

इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button