Azamgarh News:आग में उजड़ गया आशियाना, दीपावली पर बिलरियागंज पुलिस ने बिखेरी खुशियों की रोशनी, पीड़ित परिवार के चेहरों पर लौटाई मुस्कान
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
धनतेरस पर जलकर राख हुई गृहस्थी का थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने लिया संज्ञान, खाने-पीने से लेकर छप्पर बनवाने तक का दिया भरोसा; गरीब बच्चों को मिठाई और फुलझड़ी देकर मनाई दीपावली
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिन्दवल गांव की राजभर बस्ती में धनतेरस के दिन एक गरीब परिवार की मंडई में आग लगने से पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। जिस परिवार के घर में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी होनी थी, वहां आग की लपटों ने सबकुछ छीन लिया। परिवार के सामने रहने और खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। दीपावली के दिन वह महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पांडेय, सिपाही राकेश वर्मा, रामबाबू यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों के साथ पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने परिवार की पीड़ा सुनी और उनकी दयनीय स्थिति को करीब से समझा।
थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार के लिए खाने-पीने सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई। इतना ही नहीं, सिर छिपाने के लिए छप्पर तक न होने की जानकारी पर उसे बनवाने का भी आश्वासन दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल से निराश और परेशान परिवार को काफी राहत मिली।
वहीं, दीपावली के पावन अवसर पर पुलिस टीम ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को मिठाई, मोमबत्ती और फुलझड़ियां वितरित कर त्योहार की खुशियां बांटीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके घरों में भी दीपावली का उत्साह दिखाई देने लगा।
एक तरफ जहां आग ने गरीब परिवार की वर्षों की मेहनत और गृहस्थी को राख कर दिया था, वहीं दूसरी तरफ बिलरियागंज पुलिस की संवेदनशीलता ने उनके दुखों पर मरहम लगाने का काम किया। पुलिस की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा और उनकी पूरी टीम के मानवीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का यह चेहरा समाज में विश्वास और इंसानियत की मिसाल है।



