Azamgarh News:छठ पूजा को लेकर बिलरियागंज थाने में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना परिसर में छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सभासदों तथा नगर पालिका से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में थानाध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और छठ पूजा के दौरान घाटों पर होने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं नगर पालिका के जिम्मेदार लोगों को घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। कहीं भी किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान रंग डालकर माहौल खराब करने या आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था, प्रेम और आपसी भाईचारे का पर्व है। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाएं।
बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



