Azamgarh News: ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’, अखिलेश पर ओपी राजभर का तीखा हमला,
अतरौलिया।
बोले- 6 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला से माफी मांगें सपा मुखिया; चाचा-भतीजे एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटे
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के भिउरा स्थित सुभासपा कार्यालय पर गौड़ समाज की महिलाओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव के मंदिर दर्शन, सपा के वोट बैंक में कथित बिखराव और शिवपाल यादव के साथ राजनीतिक खींचतान को लेकर निशाना साधा। अखिलेश यादव के मंदिर दर्शन पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि उन पर कहावत ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’ सटीक बैठती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अयोध्या, काशी और मथुरा गए, लेकिन भगवान राम, काशी विश्वनाथ और श्रीकृष्ण के दर्शन नहीं किए। अब जब उनका यादव और मुस्लिम वोट बैंक खिसक रहा है तो वे हिंदू वोटों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति गलत दिशा में जा रही है और उनकी स्थिति ‘न अली मिले न बजरंगबली’ जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता के बीच जाकर लगातार सभाएं कर रहे हैं, जबकि अखिलेश यादव एसी कमरे और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित हैं। अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे पर उन्होंने कहा कि उन्हें 12 तारीख के बजाय छह दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए और रामलला के सामने सिर झुकाकर अपनी गलती के लिए माफी मांगनी चाहिए।
सपा के यादव वोट बैंक में बिखराव के सवाल पर राजभर ने गोरखपुर एमएलसी चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रत्याशी के मुकाबले निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को अधिक समर्थन मिला और सपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ मंडल में भी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के कई यादव नेता बगावत कर चुनाव लड़ेंगे, जिससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ेगा। सपा में शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच चल रही खींचतान पर राजभर ने कहा कि दोनों नेता एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि चाचा-भतीजे के बीच अंदरूनी राजनीतिक चक्रव्यूह चल रहा है और इसका असर अब सार्वजनिक रूप से भी दिखाई देने लगा है।
सपा नेताओं की बयानबाजी पर निशाना साधते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता और प्रवक्ता जातिगत टिप्पणियों के जरिए अपने वोट बैंक को साधने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ब्राह्मणों, जाटों और गुर्जर महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए। कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर सपा नेता पवन पांडेय की चुनौती का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि इसके लिए किसी दूसरे के प्रमाण की जरूरत नहीं है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का लोकसभा में दिया गया बयान और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का विधानसभा में दिया गया बयान सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद है। उन्होंने पवन पांडेय को दोनों बयान पढ़ने की नसीहत देते हुए कहा कि यदि वे अपनी बात पर कायम हैं तो राजनीति छोड़ दें।
राजभर ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को जनता के बीच अपने राजनीतिक रुख और बयानों का जवाब देना पड़ेगा।



