Azamgarh News:पश्चिम पोखरे में काई और गंदगी से उठ रही दुर्गंध, घाटों पर सफाई और लाइटिंग के इंतजाम के बीच पानी की सफाई नदारद।
अतरौलिया। छठ घाट पर पसरी गंदगी, पोखरे का पानी दूषित होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी,
लोक आस्था के महापर्व छठ पर नगर पंचायत के पश्चिम पोखरे पर साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर लापरवाही सामने आई है। एक तरफ जहां छठ पूजा को लेकर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं दूसरी तरफ पोखरे के दूषित पानी और गंदगी को लेकर लोगों में नाराजगी है। पोखरे के पानी में काई जमी हुई है और उससे दुर्गंध उठ रही है। ऐसे में व्रती महिलाओं को इसी पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि छठ पर्व को देखते हुए प्रशासन की ओर से साफ-सफाई के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन ने पोखरे के पानी की सफाई पर ध्यान नहीं दिया। घाट पर साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था तो दिखाई दे रही है, लेकिन पोखरे का पानी गंदगी से भरा हुआ है। इससे श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनकी सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
नगर पंचायत निवासी धर्मेंद्र निषाद राजू ने बताया कि पश्चिम पोखरे पर गंदगी की शिकायत मिलने पर उन्होंने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। घाट की अन्य व्यवस्थाएं तो ठीक मिलीं, लेकिन पोखरे का पानी काफी गंदा है। उसमें काई जमी है और दुर्गंध भी आ रही है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी को फोन किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। उन्होंने नगर प्रशासन पर साफ-सफाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। आप यह भी है कि अधिशासी अधिकारी का भी आते ही नहीं है, जबकि यह जिम्मेदारी नगर अध्यक्ष की भी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ पर्व स्वच्छता और पवित्रता का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण पर्व पर घाटों की व्यवस्था के साथ पोखरे के पानी की सफाई भी प्राथमिकता होनी चाहिए थी। प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद पानी की सफाई नहीं होना नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, अभी तत्काल साफ सफाई के लिए निर्देशित कर रहा हूं।



