Azamgarh News:पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और टांगी से जानलेवा हमला करने के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार
आजमगढ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जहानागंज पुलिस ने करनपुर बाजार से दोनों वांछितों को दबोचा, हमले में वादी और उसके परिजन हुए थे गंभीर रूप से घायल
आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर लाठी-डंडे तथा टांगी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों काफी समय से इस मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करनपुर बाजार से दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 11 नवंबर 2026 की शाम करीब सात बजे पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षियों ने एकराय होकर वादी मन्नू कुमार और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया, जिसमें वादी और उसके परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में वादी की लिखित तहरीर पर 12 नवंबर को थाना जहानागंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसआई लवकुश सोनकर पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सोमवार को करनपुर बाजार से जितेंद्र पुत्र लालजी बासफोर (37) और उसकी पत्नी संगीता (35), निवासी रानीपुर धरवारा, थाना जहानागंज को सुबह करीब 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार जितेंद्र के विरुद्ध पूर्व में भी थाना सिधारी में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है, जबकि उसकी पत्नी संगीता का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर, हेड कांस्टेबल गोविन्द सिंह, कांस्टेबल अनुप कुमार और महिला कांस्टेबल नेहा सिंह शामिल रहीं।



