Azamgarh News;भाजपा जिला कार्यालय में मिला कार्यालय प्रभारी का शव, हार्ट अटैक की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय परिसर में बुधवार की सुबह कार्यालय प्रभारी का शव मिलने से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 57 वर्षीय रामचंद्र यादव पुत्र होरी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर उनका शव पड़ा मिला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौत की खबर फैलते ही तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई, जबकि भाजपा पदाधिकारियों ने इस संभावना को खारिज करते हुए हृदयाघात से मौत होने की आशंका व्यक्त की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक रामचंद्र यादव के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो संदेह हुआ। दरवाजा खुलवाने पर उनका शव मिला। उन्होंने बताया कि रामचंद्र यादव करीब 35 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए थे। पुराने जिला कार्यालय में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी थीं और वर्ष 2019 में नए कार्यालय के निर्माण के बाद से कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन से पार्टी परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी राजघाट पर की गई है। शोक के चलते पार्टी के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
वहीं, सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



