आजमगढ़ में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़,एक आरोपी को लगी गोली; चार गिरफ्तार
चोरी के पशुओं का अवैध कटान करने की फिराक में थे आरोपी, दो गाय और एक बछड़ा पुलिस ने सकुशल कराया मुक्त
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार, 20 नवंबर की भोर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम जोलहापुर के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो प्रतिबंधित पशु (गाय), एक बछड़ा, एक अर्टिगा कार, एक मोटरसाइकिल और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम जोलहापुर के पास कुछ लोग चोरी से पकड़े गए प्रतिबंधित पशुओं का वध करने और मांस की बिक्री व परिवहन की तैयारी में हैं।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें सालिम पुत्र इसरार के दाहिने पैर में गोली लग गई।पुलिस टीम ने मौके से घायल सालिम समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सदर अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम (24 वर्ष), निवासी अशरफपुर, नौशाद (53 वर्ष), निवासी चांदपार, सोहराब (22 वर्ष) और अदनान (18 वर्ष), निवासी अशरफपुर, थाना जीयनपुर के रूप में हुई है।
तमंचा, कारतूस और वाहन समेत उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दो गाय और एक बछड़ा जीवित अवस्था में बरामद किया गया। मौके से अर्टिगा कार (UP80DP0117), सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP50DP8806), चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू समेत पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं।
आवारा पशुओं को पकड़कर करते थे अवैध कटान
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिह्नित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका वध करते थे। इसके बाद मांस की बिक्री और उपभोग करते थे। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वे बार-बार स्थान बदलते थे तथा पशुओं के अवशेषों को नदी-नालों, सिवान में फेंक देते थे या जमीन में गाड़ देते थे।
नौशाद का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नौशाद के विरुद्ध पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 में जीयनपुर थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा, वर्ष 2011 में गंभीरपुर थाने में सड़क दुर्घटना से संबंधित मुकदमा तथा वर्ष 2013 में जीयनपुर थाने में चोरी और घर में घुसने से संबंधित मुकदमा शामिल है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, अमित कुमार वर्मा, हरिश कुमार शुक्ला, अवधनाथ यादव समेत जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।



