आजमगढ़:भारतीय ज्ञान परंपरा की जीवंत धरोहर है लोकसंगीत
Azamgarh: Folk music is a living heritage of Indian knowledge tradition
आजमगढ़। गुरुवार को श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्द्धन में लोकसंगीत की भूमिका विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. ज्योति सिन्हा और विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. अनीता यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. निशा कुमारी ने की, जबकि संचालन सपना साहू ने किया। मुख्य वक्ता प्रो. ज्योति सिन्हा ने कहा कि लोकसंगीत भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक जीवनानुभवों का जीवंत दस्तावेज है। लोकगीतों के माध्यम से हमारी जीवनशैली, संस्कार, रीति-रिवाज और जीवन मूल्य पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होते हैं। विशिष्ट वक्ता डॉ. अनीता यादव ने कहा कि सोहर, कजरी, चैती, बिरहा और विवाह गीत भारतीय लोकजीवन की समृद्ध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियाँ हैं। लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्द्धन तथा नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण के लिए इसके दस्तावेजीकरण और शैक्षणिक गतिविधियों में इसके समावेश की आवश्यकता है। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. निशा कुमारी ने कहा कि लोकसंगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान का एक महत्त्वपूर्ण आधार है और इसके संरक्षण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका बेहद अहम है। इस दौरान समस्त शिक्षकगण और छात्राएँ उपस्थित रहीं।



