नौकरी का झांसा देकर युवतियों का सौदा, एक लाख में बेची गई पीड़िता को आजमगढ़ पुलिस ने कराया मुक्त; एएसपी मानुष पारिक के नेतृत्व में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़
नौकरी का झांसा देकर युवतियों को बेचता था गिरोह, करीब एक लाख रुपये में बेची गई थी पीड़िता; अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
अंतरराज्यीय मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध का पर्दाफाश कर पीड़िता को सकुशल बरामद कराने में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक जी का कुशल नेतृत्व, सूझबूझ और सराहनीय कार्यशैली प्रशंसनीय है। अपराधियों के विरुद्ध उनकी प्रभावी कार्यवाही पुलिस की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का शानदार उदाहरण है।
आजमगढ़ 20 नवंबर : थाना अहरौला पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पश्चिम बंगाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 19 वर्षीय पीड़िता को सकुशल बरामद किया है। गिरोह के सदस्य नौकरी और कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से उनकी खरीद-फरोख्त कर उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेल दिया जाता था। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना अहरौला में मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार से संबंधित अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराध तथा मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने 18 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना क्षेत्र स्थित पारा पंजीपाड़ा में कार्रवाई की। यहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सुरेश राम, पूर्वी चंपारण निवासी महेश कुमार और पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मुहम्मद अली के रूप में हुई है।
प्रेमजाल में फंसाकर गोरखपुर से पश्चिम बंगाल तक पहुंचाई गई पीड़िता
पुलिस की पूछताछ और पीड़िता के बयान के मुताबिक, गिरोह का सदस्य शिवा मंडल करीब दो महीने तक फोन पर पीड़िता से बातचीत करता रहा और उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया। इसके बाद उसे गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया गया। वहां शिवा के नहीं पहुंचने पर पीड़िता की मुलाकात सितारा खातून, उसके पति अभिषेक राज और गफ्फार मियां से हुई। तीनों ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर बिहार के पूर्णिया पहुंचा दिया।पूर्णिया में पीड़िता की मुलाकात महेश कुमार और सुरेश राम से हुई। दोनों उसे काम दिलाने के बहाने सरिता नामक महिला एजेंट के पास ले गए। आरोप है कि सरिता ने पीड़िता को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मुहम्मद अली को करीब एक लाख रुपये में बेच दिया। मुहम्मद अली ने पीड़िता को सरिता तक पहुंचाने वाले दलालों को आठ-आठ हजार रुपये कमीशन भी दिया।
वेश्यालय में बंधक बनाकर कराया जा रहा था देह व्यापार
पीड़िता के बयान के अनुसार, सरिता के घर पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इसके बाद मुहम्मद अली उसे अपने वेश्यालय में ले गया, जहां बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मंदिरों के आसपास घूमकर घर से भागी हुई या परेशान लड़कियों को नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद एजेंटों के नेटवर्क के जरिए उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर पैसों के बदले बेच दिया जाता था।
पहले चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस पहले ही पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शिवा मंडल, बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी अभिषेक राज, उसकी पत्नी सितारा खातून और गफ्फार मियां को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल मुहम्मद अली का एक अन्य आपराधिक मामला भी पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में दर्ज है, जिसमें अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार
इस अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का खुलासा करने और पीड़िता को सकुशल बरामद करने वाली संयुक्त पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने टीम के प्रत्येक सदस्य को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी (थाना अहरौला), निरीक्षक अमित शर्मा (एएचटीयू), आरक्षी सुधीर प्रजापति, महिला आरक्षी रीमा कुमारी और सर्विलांस सेल के आरक्षी बसंत यादव शामिल रहे।आजमगढ़ पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



