Azamgarh News:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; पैतृक गांव में पसरा मातम

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार सहित रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपनी मां के प्रति गहरा लगाव और सम्मान रहा है। संन्यास जीवन अपनाने के बाद पारिवारिक मुलाकातें भले ही कम हो गई थीं, लेकिन मां के प्रति उनका भावनात्मक रिश्ता हमेशा कायम रहा। इसी वर्ष मई में उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। सात मई को धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद आठ मई को उन्होंने अपने घर जाकर मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था। अब मां-बेटे की वही मुलाकात उनकी अंतिम मुलाकात बन गई।
सावित्री देवी के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। विभिन्न लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक संदेशों में कहा गया कि मां का स्नेह और आशीर्वाद मनुष्य के जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। उनका निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। लोगों ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।



