आजमगढ़:अंबिका सेवा संस्थान ने छह बेटियों का कराया सामूहिक विवाह, गृहस्थी का सामान देकर दी विदाई
रामलीला मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरों के साथ छह जोड़े विवाह बंधन में बंधे, रथ पर निकली नवदंपतियों की स्वागत यात्रा
गंभीरपुर (आजमगढ़)। सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए अंबिका सेवा संस्थान की ओर से शनिवार को बिंद्रा बाजार स्थित रामलीला मैदान में छह जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सामूहिक विवाह एवं कन्यादान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच सात फेरों की रस्म पूरी कर छह जोड़ों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, समाजसेवी और गणमान्य लोग शामिल हुए और नवदंपतियों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।संस्थान की ओर से सभी छह बेटियों का कन्यादान कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए बर्तन, कपड़े, आभूषण, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामान उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। सामूहिक विवाह समारोह में अर्चना एवं अनुराग, अलका कुमारी एवं जय हिंद कुमार, पूजा एवं रवि, साधना एवं अंकित, पूजा एवं कुंवर तथा साधना एवं सुरेश वैवाहिक बंधन में बंधे।विवाह संपन्न होने के बाद सभी नवदंपतियों को आकर्षक रथ पर बैठाकर पूरे बिंद्रा बाजार में स्वागत यात्रा निकाली गई। बाजार में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर नवविवाहित जोड़ों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा सहित अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सत्यम गुरु, कमलेश तिवारी, अंसार खान, जगदंबा उपाध्याय, अली शेख, डॉ. एमके बरनवाल, अरुण पाठक, सर्वोदय के प्रबंधक राजेंद्र यादव, डॉ. इमरान, संदीप सेठ और वेद पांडेय समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दो महीने की मेहनत से सफल हुआ आयोजन
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्थान की टीम पिछले दो महीने से तैयारियों में जुटी थी। इसमें अजय श्रीवास्तव, रवि चौहान, पवन स्थान, लकी श्रीवास्तव, अतीस सेठ, मुकेश ठठेरा, देवेश उपाध्याय, संतोष मद्धेशिया और प्रमोद सेठ सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।संस्थान के अध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय ने अतिथियों, सहयोगियों, दानदाताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेटियों का विवाह केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के उद्देश्य से संस्थान भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्य जारी रखेगा।



