आजमगढ़:मैं नेता नहीं, आपका बेटा हूं’, अतरौलिया समेत जिले की तीन सीटों पर निषाद पार्टी उतारेगी प्रत्याशी : डॉ. संजय निषाद

भोराजपुर कांटा वाली बाग में संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन में बोले कैबिनेट मंत्री, शिक्षा और एकजुटता से ही समाज को मिलेगा हक और सम्मान।

आजमगढ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के भोराजपुर स्थित कांटा वाली बाग में रविवार को निषाद पार्टी की ओर से आयोजित संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि वह नेता नहीं, बल्कि समाज के बेटे हैं। उन्होंने अतरौलिया विधानसभा सीट समेत आजमगढ़ जिले की तीन सीटों पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी उतारने का दावा किया।

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि गरीबी एक बीमारी है, जिसका समाधान समझदारी है। समाज को इस बीमारी से बाहर निकालने के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। समाज में एकजुटता जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि निषाद समाज की आबादी करीब 18 प्रतिशत होने के बावजूद राजनीतिक रूप से उसकी पहचान और हिस्सेदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं बन पाई है। उन्होंने यादव समाज और अनुसूचित जाति के लोगों की राजनीतिक एकजुटता का उदाहरण देते हुए निषाद समाज से भी संगठित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोग छोटी-छोटी लालच में अपना वोट न बेचें। पहले पव्वा देकर झुंड के झुंड वोट खरीद लिए जाते थे, लेकिन अब समय आ गया है कि समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो। उन्होंने कहा कि जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक उसे नौकरी, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में उचित हिस्सेदारी नहीं मिल पाएगी। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए सालाना 25 करोड़ रुपये का बजट दे रही है, ताकि वे शिक्षित होकर अपनी पहचान बना सकें। डॉ. निषाद ने कहा कि समाज को अपने हक और हिस्सेदारी के लिए निषाद पार्टी के बैनर तले एकजुट होना होगा। उन्होंने झोपड़ी और खोपड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि मेहनत करने वाला वर्ग अपने परिश्रम का पूरा लाभ नहीं उठा पाता। इससे बाहर निकलने का रास्ता शिक्षा, जागरूकता और संगठन है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि अतरौलिया में आयोजित महासम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनाव में बूथ कैप्चरिंग जैसी गतिविधियों का जनता जवाब देगी। सपा के घर पर उन्होंने कहा कि अब यह गढ़ नहीं है, राजनीतिक शंखनाद हो चुका है, जनता का हुजूम संजय निषाद के साथ है। पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि अब निषाद समाज प्रलोभन में आकर अपना वोट देने वाला नहीं है। अतरौलिया की धरती वीरों की धरती है और यहां के लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहे हैं।इस मौके पर मालती देवी निषाद, डॉ. अमित निषाद, रविंद्र मणि निषाद, व्यास मुनि, बाबूराम निषाद, मिठाई लाल निषाद, अनिल निषाद, शिवकुमारी निषाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button