Azamgarh News:थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा की अगुवाई में जहानागंज पुलिस को बड़ी सफलता, 11.334 किलो गांजे के साथ बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
ऑपरेशन त्रिशूल के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, बजहा पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा
आजमगढ़ जनपद में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऑपरेशन त्रिशूल के तहत कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त बिहार के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
थानाध्यक्ष जहानागंज अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में 22 नवंबर को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बजहा पुलिया के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिल कुमार राय पुत्र अलगु राय, निवासी पदुमपुर दुमर्सन, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार, उम्र करीब 34 वर्ष तथा लालबाबु राय पुत्र योगेन्द्र राय, निवासी ग्राम सरदारगंज, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार, उम्र करीब 42 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने अनिल कुमार राय के कब्जे से 6.154 किलोग्राम तथा लालबाबु राय के कब्जे से 5.180 किलोग्राम, कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे को नियमानुसार सीलबंद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में थाना जहानागंज पर मु0अ0सं0 242/26 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा की अगुवाई में उपनिरीक्षक शिवम त्यागी, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, अविनाश कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल प्रभात चौधरी, सचिन साहू, शिवांश सिंह एवं ऋषभ तिवारी शामिल रहे।
ऑपरेशन त्रिशूल के तहत हुई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जहानागंज पुलिस की सक्रियता से दो कथित गांजा तस्करों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी ने अवैध कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से बचकर नशे का कारोबार करना आसान नहीं होगा।



