आजमगढ़:ग्राम प्रधान की शिकायत पहुंची मुख्यमंत्री दरबार,रज्जाकपुर पंचायत में करोड़ों के विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप
टीएसी से मुख्यालय स्तर पर जांच कराने की मांग, महिला ग्राम प्रधान, प्रधान प्रतिनिधि और पंचायत सचिव पर उठाए सवाल
नरसिंह पवई आजमगढ़। जिले के पवई विकास खंड की ग्राम पंचायत रज्जाकपुर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला अब मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। ग्राम पंचायत निवासी प्रदीप कुमार यादव ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर महिला ग्राम प्रधान शीला यादव, उनके प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव तथा पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की मुख्यालय स्तर से तकनीकी लेखा परीक्षण (टीएसी) जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत में मनरेगा, 14वें और 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न मदों से कराए गए विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। कई कार्यों में बिना निर्माण कराए ही भुगतान कराने, एक ही कार्य के लिए दोबारा भुगतान लेने, फर्जी मस्टर रोल तैयार करने और कूटरचित अभिलेखों के आधार पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता ने बनारसी के घर से मोतीलाल के घर होते हुए दामोदरा पोखरी तक ढक्कनदार नाली निर्माण का उदाहरण देते हुए बताया कि करीब 5.97 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत कार्य में नाली को पोखरी तक नहीं पहुंचाया गया और निर्माण के बावजूद आज तक नाली पर ढक्कन नहीं लगाया गया। इसके अलावा इसी क्षेत्र में दूसरे मद से भी नाली निर्माण के नाम पर भुगतान किए जाने पर सवाल उठाए गए हैं।मनरेगा के तहत कई मस्टर रोल में ऐसे लोगों के नाम दर्ज होने का आरोप लगाया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर मजदूरी नहीं की। शिकायतकर्ता ने कुछ लोगों को छात्र, नौकरीपेशा, व्यवसायी और गांव से बाहर रहने वाला बताते हुए उनके कार्यस्थल पर मौजूद रहने, जियो टैग तस्वीरों, मोबाइल लोकेशन और शैक्षिक अभिलेखों का मिलान कराने की मांग की है।शिकायत में ग्राम प्रधान के ससुर के खेत में व्यक्तिगत पोखरी खुदाई के नाम पर भुगतान, दामोदर पोखरी और कब्रिस्तान के पास पोखरी खुदाई, इंटरलॉकिंग, चकमार्ग निर्माण तथा कृषि यंत्रों के भुगतान पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि कुछ कार्यों में पहले से मौजूद निर्माण को नया दिखाकर भुगतान कराया गया, जबकि कुछ कार्य मौके पर हुए ही नहीं।सबसे गंभीर आरोप एक ही विकास कार्य के लिए बार-बार भुगतान कराने का है। शिकायत के अनुसार, सीसी रोड से अनूप सिंह के चक तक इंटरलॉकिंग कार्य के नाम पर दो अलग-अलग बिलों के माध्यम से चार बार भुगतान किया गया। इसमें 96,345 रुपये की दो प्रविष्टियां और 2,68,086 रुपये की दो प्रविष्टियां शामिल हैं। इस प्रकार कुल 7,28,862 रुपये के भुगतान को संदिग्ध बताया गया है।इसी तरह प्रदीप के घर से रामनाथ के चक तक इंटरलॉकिंग कार्य के लिए 3.10 लाख रुपये का दो बार भुगतान होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इन दोनों कार्यों को मिलाकर कुल 13,48,862 रुपये के भुगतान में अनियमितता की जांच कराने की मांग की है।इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत भवन में फर्नीचर और कार्यालय उपकरणों के नाम पर 1,68,200 रुपये का तीन बार भुगतान कराए जाने के बावजूद फर्नीचर और उपकरण उपलब्ध नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है। हरिजन बस्ती में इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए बताया गया है कि निर्माण के कुछ महीनों बाद ही कार्य क्षतिग्रस्त हो गया।प्रार्थी ने अपने शिकायती पत्र में पूर्व में की गई शिकायतों और जांच रिपोर्टों का भी हवाला दिया है। सीसी रोड से अरविन्द के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य के मामले में ब्लॉक के अवर अभियंता की जांच में निर्माण नहीं होने की बात सामने आने का दावा किया गया है। इसके बावजूद संबंधित रिपोर्ट पर आगे कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।प्रदीप कुमार यादव ने उप मुख्यमंत्री से मांग की है कि ग्राम पंचायत रज्जाकपुर में पिछले वर्षों के विकास कार्यों, मनरेगा भुगतान, मास्टर रोल, जियो टैग तस्वीरों, बिल-वाउचर और बैंक भुगतान का अभिलेखों के साथ भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की मुख्यालय स्तर से टीएसी जांच कराकर सरकारी धन के दुरुपयोग और कथित फर्जी भुगतान में शामिल लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



