लखनऊ में आज ओवैसी-चंद्रशेखर दिखाएंगे सियासी ताकत, रमाबाई अंबेडकर मैदान में होगी महारैली; 2027 चुनाव को लेकर बड़े ऐलान की उम्मीद
Owaisi and Chandrashekhar will demonstrate their political power in Lucknow today, with a mega rally at Ramabai Ambedkar Maidan; major announcements are expected regarding the 2027 elections.
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी गुरुवार को लखनऊ में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेंगे। संविधान दिवस के अवसर पर शहीद पथ स्थित रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित की जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी और ओवैसी की AIMIM ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। मोर्चे का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट कर प्रदेश की राजनीति में नया विकल्प तैयार करना है।
पांच लाख लोगों के पहुंचने का दावा
आजाद समाज पार्टी के नेता और लखनऊ कैंट से प्रत्याशी अनिकेत धनुक के मुताबिक महारैली की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि रैली में पांच लाख से कम लोग नहीं पहुंचेंगे। वहीं AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने संकेत दिया है कि 26 नवंबर को महारैली के मंच से कुछ बड़े राजनीतिक ऐलान किए जा सकते हैं, जो 2027 के विधानसभा चुनाव में मोर्चे की रणनीति को नई दिशा देंगे।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
महारैली से पहले दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से जनसंपर्क अभियान तेज किया है। 21 नवंबर को सहारनपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ कथित भेदभाव, पुलिस एनकाउंटर तथा मस्जिदों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दे उठाए। दोनों नेताओं ने संविधान के अनुरूप शासन चलाने और सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, रोजगार तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की बात कही।
ओवैसी के खिलाफ भी लगे होर्डिंग
एक तरफ जहां महारैली को लेकर समर्थकों में उत्साह है, वहीं दूसरी तरफ लखनऊ में ओवैसी के खिलाफ भी पोस्टर और होर्डिंग चर्चा का विषय बने हुए हैं। उम्मते मुस्लिम की ओर से लगाए गए इन होर्डिंग्स में ओवैसी से मुसलमानों के हित में चुनाव नहीं लड़ने और खामोश रहने की अपील की गई है। पोस्टरों में उनसे मुसलमानों पर रहम करने की बात भी कही गई है।अब सबकी निगाहें रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली इस महारैली पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का यह संयुक्त शक्ति प्रदर्शन यूपी की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति में नए समीकरणों और राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे सकता है।



