गले मिले, हाथ मिलाया और खिलखिलाकर हंसे, पटना एयरपोर्ट पर दिखी पीएम मोदी और नीतीश कुमार की पुरानी केमिस्ट्री
पटना/वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान पटना एयरपोर्ट पर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच पुरानी दोस्ती और आत्मीयता की झलक देखने को मिली। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बन गए। पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया, गले मिले और एक-दूसरे से मुस्कुराते हुए बातचीत की। दोनों नेताओं के चेहरे पर खिलखिलाहट और अपनापन साफ नजर आया। इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में भी खासा ध्यान खींचा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर पटना और वैशाली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर बेहद खुशी हुई।इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली जिले पहुंचे, जहां उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन किया। 9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने, यात्रा का समय घटने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।उद्घाटन समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। हालांकि, नीतीश कुमार उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने इसे नीतीश कुमार के विजन और बिहार के विकास में उनके योगदान का सम्मान बताया।वहीं, पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर रखने के बजाय नीतीश कुमार के नाम पर क्यों रखा गया। दूसरी ओर, राजद नेता तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री के दौरे और पुल निर्माण में केंद्र सरकार के योगदान को लेकर सवाल खड़े किए।हालांकि, इन राजनीतिक चर्चाओं के बीच पटना एयरपोर्ट पर मोदी और नीतीश की मुलाकात सबसे ज्यादा चर्चा में रही। दोनों नेताओं का गले मिलना, हाथ मिलाना और खिलखिलाकर हंसना एक बार फिर उनकी पुरानी राजनीतिक केमिस्ट्री और आपसी आत्मीयता की याद दिला गया।



