भाजपा को हराने के लिए सपा भी साथ आए, हमारे दरवाजे खुले हैं: चंद्रशेखर आजाद

लखनऊ में ओवैसी की मौजूदगी में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली से दिया सपा को गठबंधन का न्योता, सरकार बनने पर मुस्लिम और पिछड़े समाज से होगा उप मुख्यमंत्री

लखनऊ, विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित बहुजन स्वराज महारैली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) को भी साथ आने का खुला न्योता दिया। एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में मंच से चंद्रशेखर ने कहा कि यदि भाजपा को हराना है तो सपा भी साथ आए। हमारे दरवाजे उसके लिए खुले हैं।चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनने पर मुस्लिम और पिछड़े समाज से उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने दलितों, मुसलमानों और अति पिछड़े वर्गों से अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि सत्ता की चाबी जनता के हाथ में है। उन्होंने सपा और भाजपा पर निशाना साधा, जबकि अपने पूरे संबोधन में बसपा और कांग्रेस पर टिप्पणी करने से परहेज किया।उन्होंने कहा कि महापुरुषों की मूर्तियां तोड़ी जाती रहीं और सरकार उनकी रक्षा नहीं कर सकी, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे करेगी। आज दलितों, मुसलमानों और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार हो रहे हैं। हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक बेटी को रात में जला दिया गया था। उसके परिवार को नौकरी देने का वादा किया गया, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ।

पहली कैबिनेट में लाखों युवाओं को नौकरी देने का वादा

चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी वादों का ऐलान करते हुए कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में लाखों युवाओं को नौकरी देने का फैसला किया जाएगा। महिलाओं को 20 हजार रुपये देने के वादे के मुकाबले उन्होंने 25 हजार रुपये देने की बात कही। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि कुछ राजनीतिक दल वोट खरीदने का प्रयास करेंगे, लेकिन जनता को अपना वोट बेचना नहीं, बल्कि उसकी रखवाली करनी है।उन्होंने कहा कि भाजपा और सपा को वोट देकर आने वाली नस्लों का भविष्य खराब न करें। साथ ही ऐलान किया कि उनकी सरकार बनने पर एससी, एसटी और ओबीसी कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण देने के लिए विधेयक लाया जाएगा। उन्होंने विरोधी दलों से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती भी दी। इसी दौरान चंद्रशेखर ने उषा निषाद को करनैलगंज विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने की घोषणा की।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ही प्रदेश को नया राजनीतिक विकल्प देगा: ओवैसी

महारैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में एक नया राजनीतिक विकल्प देगा। उन्होंने कहा कि जो लोग मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था से अलग विकल्प की तलाश कर रहे हैं, उनका मोर्चे में स्वागत है।ओवैसी ने संविधान की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संविधान कमजोर होगा तो यह लोगों की जिंदगी और मौत का सवाल बन जाएगा। दलितों और मुसलमानों की परेशानियां एक जैसी हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने वोट की ताकत से जनता का राज स्थापित करेंगे। हमें किसी ठाकुर या किसी यादव का राज नहीं चाहिए, बल्कि जनता का स्वराज चाहिए।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी ठाकुर का राज तो कभी यादव का राज देखने को मिलता है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनने पर बाबा और भैया की राजनीति नहीं चलेगी। जब तक जुल्म और अन्याय खत्म नहीं होगा, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।महारैली में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के एक मंच पर आने तथा सपा को खुला न्योता दिए जाने को उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button