आजमगढ़:जमीनी विवाद में कोचिंग संचालक और उसके चचेरे भाई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल
Azamgarh: Coaching operator and his cousin chased and beaten over land dispute, video goes viral

अतरौलिया/आजमगढ़:खेत में पानी भरने को लेकर हुआ विवाद, लाठी-डंडे, रॉड और हंसिये से हमला करने का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा। थाना क्षेत्र के गजेंधरपट्टी भेदौरा गांव में कोचिंग संचालक और उसके चचेरे भाई की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग दो युवकों को दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर लाठी-डंडे, रॉड और हंसिये से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी पंकज राजभर कोचिंग संचालित करते हैं। उनका आरोप है कि कोचिंग के सामने कुछ लोग मीट काटकर उसका कचरा फेंक देते हैं, जिससे पढ़ने आने वाले बच्चों को परेशानी होती है। इसको लेकर पहले भी उन्होंने विरोध जताया था, जिसके बाद से विपक्षियों से विवाद चल रहा था।पंकज के अनुसार, बीते बृहस्पतिवार को उनके चाचा निरहू राजभर के खेत में कुछ लोग जबरन पानी भरने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई। जानकारी मिलने पर वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने पुरानी रंजिश में उन्हें दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। हमले में उनके सिर पर कई जगह चोटें आईं।पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, पीड़ितों का आरोप है कि हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने से आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमे में उचित धाराएं बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन सिंह ने बताया कि मामला जमीन से संबंधित है। मारपीट हुई थी । पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



