विद्युत उपकेन्द्र रतसर में बदली जा रही 33 केवी की लाइन, एक सप्ताह तक आंशिक रूप से बिजली रहेगी बाधित

रिपोर्ट संजय सिंह बलिया
रतसर (बलिया)भविष्य में 33 केवी की लाइन में ब्रेक डाउन की समस्या नहीं रहेगी। इसके लिए ऊर्जा निगम इन दिनों तार को बदलने का कार्य कर रहा है। इसके चलते क्षेत्र में आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। तार बदलने का कार्य करीब एक सप्ताह चलेगा। रविवार को बिजली विभाग के एसडीओ अनिल कुमार एवं अवर अभियंता सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया की तार बदलने के कार्य के चलते 22 से 29 अप्रैल तक स्थानीय विद्युत उपकेन्द्र से संबन्धित क्षेत्र में सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। करमौता स्थित पावर हाउस से 33 केवी की लाइन के माध्यम से बिजली की आपूर्ति की जाती है। तार एवं पोल के पुराने होने के कारण अक्सर लाइन ब्रेक डाउन हो जाती थी। इस कारण क्षेत्र में बिजली कटौती बाधित रहती थी। इसे देखते हुए करमौता से लेकर रतसर तक करीब 17 किमी तार एवं पोल बदलने का कार्य चल रहा है। एसएसओ राजेश कुमार यादव एवं जिशान खान ने बताया कि बिजली विभाग की रिवैंप योजना के तहत तार एवं पोल बदले जा रहे है। इससे टाउन,पूर्वी, दक्षिणी एवं पूर फीडर से संबन्धित लगभग 50 गांवों की डेढ़ लाख आबादी प्रभावित रहेगी। अवर अभियंता सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि 17 किमी लाइन बदली जानी है। लोगों को असुविधा न हो इसके लिए आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। तार व पोल बदलने से गर्मियों में होने वाली ब्रेक डाउन की समस्या दूर हो जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।



