बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने घर बैठे किया मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के फॉर्म 12 डी के माध्यम से घर पर ही वोट देने की सुविधा का 85 प्लस व दिव्यांग मतदाताओं ने किया सराहना विधानसभा वार 10-10 पोलिंग पार्टियों सहित कुल 30 पार्टियों को जिला निर्वाचन कार्यालय से किया गया रवाना

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फॉर्म 12डी सुविधा के क्रम में जनपद में 85 प्लस वृद्धजन व दिव्यांगजन, मतदाताओं ने आज उमंग, उत्साह के साथ अपने मताधिकार का घर पर ही प्रयोग कर अन्य मतदाताओं को प्रोत्साहित व प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की इस पहल से वृद्ध व दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए यह बहुत ही सुविधाजनक व सराहनीय कदम है। जिन्होंने (791मतदाता) अपने घर पर ही डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा चाही थी। उक्त क्रम में 18 मई को प्रातः 07 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह के कुशल निर्देशन में व प्रभारी पोस्टल /अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह द्वारा प्रत्येक विधानसभा वार 10-10 पोलिंग पार्टियों सहित कुल 30 पार्टियों को कलेक्ट्रेट जिला निर्वाचन कार्यालय से रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह ने प्रभारी पोस्टल बैलेट/अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिवनारायण सिंह के साथ आज विधानसभा ज्ञानपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत चक किशुनदास तिनबरवा में पहुंचकर अपनी उपस्थिति में दिव्यांग मतदाता ममता देवी व धनराजी देवी 85 प्लस वृद्ध मतदाता के पास पहुंचकर मतदान कराया, तो इसको लेकर मतदाता के परिजनों में काफी खुशी देखने को मिली। परिवारजनों ने बताया कि उन्हें बहुत अच्छा लगा कि निर्वाचन टीम द्वारा घर आकर ही उनके दादी का वोट डलवाया गया है। यह बहुत अच्छी सुविधा है। उनके दादी को पोलिंग बूथ तक नही जाना पड़ा। उन्होंने सभी मतदाताओं से 25 मई को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की भी अपील की। प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट/अपर जिलाधिकारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि जो मतदाता पोलिंग बूथ तक नहीं जा सकते थे उन्होने भारत निर्वाचन आयोग की फार्म 12 डी भरकर घर से ही वोट डालने की सुविधा चाही थी,यह काफी सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि जो 40 प्रतिशत से ज्यादा दिव्यांग हैं वह घर बैठे ही इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं तो वहीं जो थोड़ा बहुत चल फिर सकते हैं वह पोलिंग बूथ तक जाना पसंद कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रशासन की ओर से दिव्यांग व 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए घर से ही मतदान करने की व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में शनिवार से ऐसे मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया शुरु हो गई है, जोकि 20 मई तक चलेगी। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में कुल 791 दिव्यांग व 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं ने अपने घर से अपने मत का प्रयोग कर रहे है। इन मतदाताओं के मतदान प्रक्रिया के लिए 30 पोलिंग पार्टियां नियुक्त की गई हैं, जो कि घर जाकर ऐसे मतदाताओं का मतदान करवाएंगी। यह मतदान प्रक्रिया 20 मई तक चलेगी।



