चुनाव जीतते ही राजा बन जाते हैं बीजेपी सांसद : दुर्गेश पाठक

BJP MPs become kings as soon as they win elections: Durgesh Pathak

[responsivevoice_button rate="1" pitch="1.0" volume="0.9" voice="Hindi Female" buttontext="Listen This News"]

नई दिल्ली, 17 जुलाई: दिल्ली में डीडीए द्वारा की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा है कि “चुनाव जीतने के बाद राजा बन जाते हैं बीजेपी सांसद, गायब हो जाते हैं और फिर नहीं मिलते।”

दुर्गेश पाठक ने कहा है कि दिल्ली में 2014 से सातों सांसद बीजेपी के हैं। लेकिन इन्होंने जनता के लिए कोई काम नहीं किया।

दुर्गेश पाठक ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के सांसदों ने अपनी सांसद निधि को खर्च तक नहीं किया है। चुनाव जीतते ही ये लोग ग़ायब हो जाते हैं। बीजेपी के ये सांसद काम करना तो छोड़िए, ये दिल्ली को बर्बाद करने में जुटे हैं। पिछले दिनों बीजेपी की डीडीए ने चांदनी चौक खैबर पास इलाके के आसपास बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की। लेकिन इसके बावजूद बीजेपी के सांसद वहां नहीं गए और उनके लोगों द्वारा बताया गया कि सांसद जी कहीं बाहर गए हुए हैं।

दुर्गेश पाठक ने कहा, चांदनी चौक में इतनी तोड़फोड़ मचाई गई, लेकिन वहां के सांसद प्रवीण खंडेलवाल का कोई अता पता नहीं है। वहीं केंद्र के रेलवे विभाग ने पटेल नगर और बरार स्क्वायर के कई किलोमीटर के अंदर नोटिस लगाया है कि हज़ारों झुग्गियां तोड़ना शुरू करेंगे। इस नोटिस को लगे लगे कई दिन हो गए लेकिन यहां की सांसद बांसुरी स्वराज यहां गई तक नहीं। यहां के लोगों ने उन्हें फोन किया लेकिन उन्होंने फोन भी नहीं उठाया।

दुर्गेश पाठक ने कहा है कि बीजेपी पिछले 11 वर्षों से दिल्ली को केवल बर्बाद कर रही है। इनके नेता महीने में एक बार जागते हैं और केवल फोटो डाल देते हैं। “मैं प्रवीण खंडेलवाल और बांसुरी स्वराज से पूछना चाहता हूं कि आप लोगों के घरों को उजाड़ रहे हैं, आप यह बंद करेंगे या नहीं? इन लोगों की चुप्पी बताती है कि इस तोड़फोड़ की कार्यवाही का ये लोग समर्थन कर रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button