भाजपा के गांव चलों अभियान में शामिल हुए जिले के प्रभारी मंत्री
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने महाराजगंज के शिवरामपुर सिंहापुर गांव में ग्रामीणों से किया संवाद, सरकार की उपलब्धि व योजनाओं की दी जानकारी
भदोही। प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शुक्रवार को अपने जनपद प्रवाह के दौरान महाराजगंज के शिवरामपुर सिंहापुर गांव की बूथ संख्या 344 पर पहुंचे। भाजपा की स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित गांव चलो अभियान एवं प्रवास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
इस दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के बारे में बताया तथा लाभार्थियों से योजनाओं के लाभों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं.दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर की। कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है। मोदी जी विगत 11 वर्षों से देश के विकास और गरीबों की भलाई के लिए कार्य कर रहे है और यही कार्य प्रदेश में योगी जी कर रहे है। इसके पहले 70 सालों से देश व प्रदेश में कांग्रेस, सपा व बसपा की सरकारें रही। उन्होंने इस दिशा में कोई कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री आज वाराणसी में हजारों करोड रुपए की विकासपरक योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इससे लोगों की सड़क, पानी, बिजली की व अन्य जरूरतें पूरी होगी। इससे बनारस, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली, गाज़ीपुर तक की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब कोई भी गांव सड़क निर्माण और विकास कार्य से अछूता नहीं रहेगा। शहरों की तरह ही गांव में भी विद्युत आपूर्ति में सुधार किया जा रहा है। जर्जर तार, खंभे बदले जा रहे। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की जा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को कोई परेशानी न हो इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता विपरीत परिस्थितियों व भीषण गर्मी में भी लोगों के बीच जा रहे हैं और उनके लिए कार्य कर रहे है। जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं जान रहें। कहां पर क्या विकास कार्य होना है। उसके लिए कार्य कर रहे है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से हाथ उठवाकर योजनाओं के मिलने की बात पूछी और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया कि जिन गरीब लोगों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला। उन्हें इनका लाभ दिलवाने में मदद करें। मंत्री गांव में भ्रमण कर विकास कार्यों को देखा और ग्रामीणों से मिले। जनपद में पहुंचने पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से एवं जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र, विकास मिश्र, अर्चना पटेल, लालता प्रसाद सोनकर, विनय चौरसिया व शैलेंद्र दुबे आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।