डीएम व एसपी ने मूर्ति विसर्जन स्थल का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

प्रतिमा विसर्जन स्थल पर होंगे विशेष इंतजाम। 

[responsivevoice_button rate="1" pitch="1.0" volume="0.9" voice="Hindi Female" buttontext="Listen This News"]

 

विनय मिश्र ,जिला संवाददाता।

 

देवरिया जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक श्री संकल्प शर्मा ने आज पटनवा पुल एवं हेतिमपुर पुल के निकट छोटी गंडक नदी के किनारे स्थित माँ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा, शान्ति व्यवस्था आदि के सम्बंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन का कार्य शांतिपूर्ण संपन्न हो, इसके लिए सभी एहतियाती उपाय किये जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पेयजल, प्रकाश, जनरेटर, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। विसर्जन स्थल पर ट्रैफिक का रूट चार्ट पहले ही बना लिया जाये। गोताखोर, नाव एवं सर्चलाइट के इंतजाम भी विसर्जन से पूर्व कर लिया जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख विसर्जन स्थलों पर मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी । चुनिंदा स्थलों पर क्रेन की व्यवस्था भी की जा रही है। नदी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो। उनके बैठने के भी आवश्यक प्रबंध रखे जाए। प्रतिमा विसर्जन को पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर संभव उपाय किये जायेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था हेतु जनपदवासियों को आश्वस्त किया। इस दौरान एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button