जानिए कौन है ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह,जिससे मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास को सता रहा जेल में जान का खतरा

माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को चित्रकूट जेल से कासगंज जेल शिफ्ट कर दिया गया है। यहां उसे अपनी जान का डर सता रहा है। मुख्तार अंसारी के दूसरे बेटे उमर अंसारी ने यूपी के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर अब्बास अंसारी को कासगंज जेल से किसी दूसरे जेल में ट्रांसफर करने की गुहार लगाई है।उमर अंसारी ने चिट्ठी में लिखा है कि अब्बास अंसारी को आजमगढ़ के गैंगस्टर ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह से जान का खतरा है। कुंटू सिंह भी इस समय कासगंज जेल में बंद है।

आजमगढ़ का शातिर बदमाश ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह कई चर्चित कांड में शामिल रहा है। लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में कुंटू सिंह को मास्टरमाइंड माना जाता है। ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह अजीत सिंह हत्याकांड के अलावा साल 2013 में बसपा के पूर्व विधायक सर्वेश उर्फ सीपू सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या मामले में भी आरोपी है।ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह को बाहुबली धनंजय सिंह का शूटर भी बताया जाता है। अजीत सिंह हत्याकांड के बाद उसे गिरफ्तार कर कासगंज जेल लाया गया था। धनंजय सिंह और ब्रजेश सिंह की नजदीकियां जगजाहिर हैं। ब्रजेश सिंह और मुख्तार अंसारी के बीच पहले से कट्टर दुश्मनी है।ऐसे में मुख्तार के परिवार को आशंका है कि कुंटू सिंह के जरिए ब्रजेश सिंह अब्बास अंसारी पर हमले करा सकता है। इससे पहले भी मुख्तार अंसारी के गुर्गों मुन्ना बजरंगी, मेराज और मुकीम काला की जेल के अंदर हत्या हो चुकी है।

मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को कुछ दिन पहले ही कासगंज जेल भेजा गया है। इससे पहले विधायक अब्बास अंसारी चित्रकूट जेल में बंद था। चित्रकूट जेल में अब्बास अंसारी की पत्नी निकहत से मुलाकात के बाद जेल शिफ्ट किया गया था। निकहत को भी गिरफ्तार किया गया है।निकहत फिलहाल चित्रकूट जेल में ही बंद है। तीन दिन की पुलिस रिमांड के बाद निकहत को दोबारा जेल भेज दिया गया है। कासगंज जेल आते ही अब्बास अंसारी को जान का डर सताने लगा और उनके भाई ने सरकार को चिट्ठी लिखकर जेल बदलने की गुहार लगाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button