महालेखाकार प्रयागराज के अधिकारियों ने आहरण वितरण अधिकारियों के साथ की बैठक

विनय मिश्र ,जिला संवाददाता।
देवरिया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय एवं महालेखाकार कार्यालय के वरिष्ठ लेखाधिकारी श्री राम द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के आहरण वितरण अधिकारियों की एक बैठक कलक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें सामान्य भविष्य निधि के डेबिट बाउचरों, क्रेडिट शेड्यूलों, एसी/ डीसी बिल्स ऋण एवं अग्रिमों के लेखे के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा हुयी तथा आहरण वितरण अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए तथा आडिट आपत्तियों से बचने के लिए अभिलेखों में नियमानुसार के भी आवश्यक सुझाव दिये।
वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि सामान्य भविष्य निधि के शिड्यूल पर भूलवश सही सिरीज व लेखा संख्या अंकित नहीं किया जाता है, जिसके कारण से उन्हें सही सही लेखें में अंकन नहीं हो पाता है। कर्मचारी को नाम का सिरीज, जीपीएफ खाता संख्या, विभाग/कार्यालय का नाम स्पष्ट अंकित होना चाहिए तथा जीपीएफ पासबुक के सभी कालम अनिवार्य रूप से भरे होने चाहिए। यदि वित्तीय वर्ष में कोई अग्रिम निकासी नहीं हुई है तो आहरण वितरण आधिकारी निकासी कॉलम को शून्य लिखकर अपने हस्ताक्षर एवं मुहर लगाये।
बैठक को सम्बोधित करते हुए महालेखाकार कार्यालय के वरिष्ठ लेखाधिकारी संतराम वर्मा ने बताया कि अभिदाता को प्रतिवर्ष पासबुक निरीक्षण हेतु दी जाये तथा उसके हस्ताक्षर कराये जाये तथा सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की छह माह पूर्व जीपीएफ में अंशदान की कटौती बन्द कर देनी चाहिए तथा मिलान हेतु पासबुक की फोटो प्रति प्रमाणित कर महालेखाकार इलाहाबाद को प्रेषित की जाये। टी आर-27 से आहरित धनराशि का समयोजन 3 माह के अन्दर या अधिकतम उक्त वर्ष के 31 मार्च तक अवश्य हो जाना चाहिए। आयकर की कटौती प्रतिमाह की जानी चाहिए ऋण की वसूली में चालानों में 13 अंकीय विवरण के साथ ऋणी का नाम किश्त संख्या महालेखाकार कार्यालय द्वारा आवंटित एसएलआर संख्या का अंकन अवश्य किया जाना चाहिए।
बैठक में आहरण वितरण अधिकारियों/प्रतिनिधियों की समस्याओं को भी सुना तथा उनकी शंकाओं का समाधान भी किया। इसी कम में जेल विभाग क लेखाकार एवं पशुपालन विभाग के लेखाकार द्वारा जीपीएफ से सम्बन्धित उठाये गये समस्याओं का समाधान सहायक लेखाधिकारी जयशंकर सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर निशान्त कटियार सहायक लेखाधिकारी, मनोज कुमार सक्सेना सहायक पर्यवेक्षक, नन्दलाल चौरसिया सहायक कोषाधिकारी, कोषागार के कर्मचारी एवं समस्त विभाग के अधिकारी/प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।



