कर्नाटक में कांग्रेस ने जीती तीन विधानसभा सीटें, वायनाड में प्रियंका गांधी ने तोड़ा राहुल का रिकॉर्ड

Congress wins three assembly seats in Karnataka, Priyanka Gandhi breaks Rahul's record in Wayanad

नई दिल्ली:। कर्नाटक की तीन और केरल की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। कर्नाटक की शिगगांव, संदूर और चन्नपटना सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। जबकि केरल की दो में से एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है और एक सीट पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्‍ससिस्‍ट) के खाते में गई है। साथ ही वायनाड सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आ गए हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस सीट पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की है।

 

कर्नाटक की शिगगांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी यासिर अहमद खान पठान ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भरत बोम्मई को 13448 मतों से हराया है।

 

कांग्रेस की उम्मीदवार ई. अन्नपूर्णा ने 9649 मतों के अंतर से संदूर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के बंगारू हनुमंतु को 9649 मतों से हराया है। अन्नपूर्णा को 93616 वोट मिले, जबकि भाजपा के बंगारू हनुमंतु को 83967 वोट मिले।

 

चन्नपटना सीट पर कांग्रेस के सीपी योगेश्वर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार निखिल कुमारस्वामी को 25413 वोटों से हराया है। निखिल कुमारस्वामी केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के बेटे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को 112642 वोट मिले हैं और जनता दल (सेक्युलर) उम्मीदवार को 87229 मिले हैं।

 

वहीं केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के राहुल ममकूटथिल ने भाजपा उम्मीवाद सी कृष्णकुमार को 18840 वोटों के भारी अंतर से हराया है। कांग्रेस उम्मीदवार को 58389 और भाजपा उम्मीदवार को कुल 39549 मिले।

 

जबकि केरल की चेल्लाकारा विधानसभा सीट पर सीपीआई (एम) के यूआर प्रदीप ने कांग्रेस की उम्मीदवार राम्या हरिदास को 12201 वोटों के अंतर से मात दी है। प्रदीप को 64827 और राम्या को 52626 वोट मिले हैं।

 

बता दें कि केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ था। कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस सीट पर भारी अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया के उम्मीदवार सत्यन मोकेरी को 410931 वोटों के भारी अंतर से हराया है। प्रियंका गांधी को 622338 और सत्यन मोकेरी को 211407 वोट मिले हैं। वहीं भाजपा उम्मीदवार नव्या हरिदास 109939 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

 

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हालिया लोकसभा चुनाव में 3.65 लाख वोटों से वायनाड में जीत दर्ज की थी। जबकि उनकी बहन प्रियंका गांधी ने 410931 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है।

Related Articles

Back to top button