जबलपुर में रंगे हाथों पकड़ा गया एसडीएम का ड्राइवर डेढ़ लाख रिश्वत लेते हुए

SDM driver caught red-handed in Jabalpur while taking 1.5 lakh bribe

जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने शहपुरा एसडीएम के ड्राइवर को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम सुनील कुमार पटेल है, जिसने कि एक केस के संबंध में एसडीएम से कहकर शिकायत को रफा-दफा करने के लिए 3 लाख रुपए की मांग की थी, बाद में सौदा डेढ़ लाख रुपए में तय हुआ। फरियादी ने बताया कि इससे पहले भी ड्राइवर ने 50 हजार रुपए ले चुका है। फरियादी के मुताबिक रिश्वत के रुपए की बात एसडीएम के केबिन में हुई थी, और उनके कहने पर ही ड्राइवर ने रुपए मांगे थे। इधर लोकायुक्त की कार्रवाई की चंद मिनट बाद ही कलेक्टर ने रिश्वतखोर ड्राइवर को निलंबित कर दिया है। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से शहपुरा भिटौनी निवासी संग्राम सिंह ने की थी, जिस पर मंगलवार की रात को कार्रवाई करते हुए आरोपी को धनवंतरी नगर चौक से गिरफ्तार किया है। शहपुरा खमदेही निवासी फरियादी संग्राम सिंह के रिश्तेदार की गांव में एक एकड़ जमीन है, जहां कि बासमती धान की बोरियों को रखा गया था। बीते दिनों शहपुरा तहसीलदार ने निरीक्षण करते हुए धान का पंचनामा बनाया। करीब एक सप्ताह पहले एसडीएम शहपुरा की कोर्ट से कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जवाब देने के लिए जब संग्राम सिंह शहपुरा एसडीएम कोर्ट पहुंचे और उनके ड्राइवर सुनील पटेल से मिले तो उसने संग्राम से कहा कि मामले को रफा-दफा किया जा सकता है, पर उसके लिए तीन लाख रुपए की मांग की गई थी। संग्राम सिंह ने रिश्वत मांगने की शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस से की। एसपी के निर्देश पर शिकायत की जांच की गई और सही पाया। जबलपुर लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबड़े ने बताया कि एसडीएम के चालक सुनील पटेल ने संग्राम सिंह को रिश्वत के डेढ़ लाख रुपए देने के लिए धनवंतरी चौक बुलाया। जैसे ही चालक ने रिश्वत के रुपए लिए, तभी लोकायुक्त की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ड़ीएसपी के मुताबिक शिकायतकर्ता ने रिश्वत में एसडीएम के शामिल होने की भी बात बताई है, जिसकी जांच की जा रही है। इधर लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान कलेक्टर तत्काल प्रभाव से निलांबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान सुनील कुमार पटेल की तैनाती कुंडम में रहेगी।

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button